अंतिम छोर के गांवों तक विकास पहुंचाने का दावा, 2045 के विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य पर भाजपा का फोकस
उत्तराखंड के सीमांत और दूरस्थ गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के मुद्दे पर भाजपा ने सरकार की प्राथमिकताएं गिनाई हैं। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को जमीन पर उतारने के लिए गांवों से विकास की शुरुआत की जा रही है। उनका दावा है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार उन इलाकों तक सड़क, बिजली, पानी और बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने पर काम कर रही है, जो लंबे समय तक विकास से दूर रहे।
भाजपा का कहना है कि माणा से लेकर चकराता और जौनसार-बावर के अंतिम छोर तक बसे गांवों को भी विकास की प्राथमिकता में शामिल किया गया है। रमन ने कांग्रेस के पिछले शासनकाल पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सात दशक तक सीमांत गांवों तक बुनियादी सुविधाएं नहीं पहुंचाई गईं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल शहरों का विकास नहीं, बल्कि प्रदेश के अंतिम गांव को भी विकसित और सशक्त बनाना है।
कमलेश रमन, प्रदेश प्रवक्ता भाजपा।
