November 9, 2026

चारधाम यात्रा में बढ़ती भीड़ को देखते हुए दर्शन व्यवस्था में बदलाव की तैयारी

Chardham

चारधाम यात्रा में हर साल बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या ने बद्री-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के सामने व्यवस्थाओं को लेकर नई चुनौती खड़ी कर दी है। विशेषकर केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में सीमित स्थान होने के कारण श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ का प्रबंधन करना समिति के लिए चुनौतीपूर्ण हो रहा है। इसे देखते हुए मंदिर समिति अब दर्शन व्यवस्था को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए नई रणनीति तैयार कर रही है।

मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा और प्राथमिकता को ध्यान में रखते हुए विशेष पूजाओं में भी कटौती की गई, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को भगवान के दर्शन का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि मंदिर समिति के अंतर्गत 47 मंदिर, 27 धर्मशालाएं और संस्कृत विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। इनके संचालन और व्यवस्थाओं पर होने वाला खर्च मुख्य रूप से दान और विशेष पूजाओं से प्राप्त आय के माध्यम से पूरा किया जाता है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में रेल, ऑल वेदर रोड और रोपवे जैसी सुविधाओं के विस्तार से चारधाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। ऐसे में भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए अभी से व्यवस्थाओं को मजबूत करना जरूरी है। इसके लिए क्यू मैनेजमेंट और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तृत रोडमैप तैयार किया जा रहा है। साथ ही दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी बनाई जा रही है।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ का दबाव कम करने के लिए शीतकालीन यात्रा को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके तहत श्रद्धालुओं को शीतकाल में भी शीतकालीन गद्दीस्थलों के दर्शन के लिए प्रेरित किया जाएगा। मंदिर समिति का प्रयास है कि यात्रा व्यवस्थाएं बेहतर हों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित तरीके से दर्शन का अवसर मिल सके।

हेमंत द्विवेदी, अध्यक्ष, बद्री-केदार मंदिर समिति।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.