श्रीनगर: थलीसैंण को करोड़ों की सौगात, धन सिंह रावत ने किए लोकार्पण-शिलान्यास
पौड़ी। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के थलीसैंण विकासखंड के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर क्षेत्रवासियों को करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, आवास और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया।
289.54 लाख से बने विद्यालय भवन का लोकार्पण
क्षेत्र भ्रमण के दौरान डॉ. रावत ने राजकीय इंटर कॉलेज कपरोली में 289.54 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि नए भवन से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कैन्यूर मल्ली और राजकीय प्राथमिक विद्यालय कैन्यूर में 12-12 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का भी लोकार्पण किया।
स्वच्छता व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
नगर पंचायत कैन्यूर में घर-घर कूड़ा संग्रहण और बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन के लिए डॉ. रावत ने तीन कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ नगर के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
इसके साथ ही उन्होंने नगर पंचायत थलीसैंण में 47.56 लाख रुपये की लागत से बनने वाले रजत जयंती पार्क का शिलान्यास किया। वहीं, नगर पंचायत कैन्यूर और थलीसैंण में 1.72 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कूड़ा निस्तारण प्रोसेसिंग प्लांट का भी शिलान्यास किया।
100 लाभार्थियों को आवास योजना के स्वीकृति पत्र
नगर पंचायत कैन्यूर में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत पात्र 100 लाभार्थियों को आवास निर्माण के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर डॉ. रावत ने लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित यह योजना जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सरकार का लक्ष्य अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
नशामुक्त उत्तराखंड का दिलाया संकल्प
नशामुक्ति अभियान के तहत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ने स्थानीय लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक रहने और परिवार एवं समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज के भविष्य को प्रभावित करता है।
महिला मंगल दलों को वितरित की सांस्कृतिक सामग्री
क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामसभा मुसेटी और कपरोली में महिला मंगल दलों को लोक संस्कृति एवं पारंपरिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सांस्कृतिक सामग्री वितरित की गई। डॉ. रावत ने कहा कि मातृशक्ति ग्रामीण संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक एकजुटता को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रही है। महिला मंगल दलों को प्रोत्साहित करना सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस दौरान शिक्षा मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा, बुनियादी सुविधाओं, स्वच्छता और सामाजिक विकास को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
