November 21, 2026

खटीमा: झनकईया मेले की तैयारियां तेज, 24 नवंबर से होगा शुभारंभ

Khatima

खटीमा-मेलाघाट मार्ग पर झनकईया में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध मेले को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मेला स्थल पर दुकानें सजने लगी हैं। वहीं, झूले, खिलौने और मनोरंजन के अन्य इंतजाम भी किए जा रहे हैं। मेले का विधिवत शुभारंभ 24 नवंबर को होगा, जबकि 23 नवंबर की शाम को भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा।

मेले को लेकर मेला स्थल पर रौनक बढ़ने लगी है। दूर-दराज से दुकानदार पहुंचकर अपनी दुकानें सजाने में जुटे हैं। मेला कमेटी के अध्यक्ष शेर सिंह दानू ने बताया कि मेले की अधिकांश तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 23 नवंबर की शाम को होने वाली गंगा आरती तक सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएंगी। श्रद्धालुओं और मेले में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ ही बिजली और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जा रही है।

उधर, मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी हैं। सीओ खटीमा नीरज सेमवाल ने बताया कि मेला आयोजन समिति के पदाधिकारियों और संबंधित थाना-चौकी के पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई है। मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष ड्यूटी पॉइंट बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा वन विभाग से भी समन्वय स्थापित किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने मेला समिति को पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मेले के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

मेला कमेटी ने क्षेत्रवासियों और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं से 23 नवंबर को गंगा आरती में शामिल होने और 24 नवंबर से शुरू होने वाले मेले में पहुंचने की अपील की है। इस बार भी झनकईया का प्रसिद्ध मेला श्रद्धा, आस्था और मनोरंजन के संगम के रूप में आयोजित होगा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.