November 21, 2026

गोवा में 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव: 20वें वेव्‍स फिल्म बाजार का हुआ उद्घाटन,

Goa 20 November 2026,

गोवा के ताज सिडाडे डी गोवा होराइजन में आज 20वें वेव्‍स फिल्म बाजार का उद्घाटन किया गया। । सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) द्वारा आयोजित यह पांच दिवसीय आयोजन फिल्म उद्योग से जुड़े फिल्म निर्माताओं, निर्माताओं, लेखकों, निवेशकों, विचारकों को एक मंच पर लाता है, ताकि वे आपसी सहयोग की संभावनाएं तलाश सकें और रचनात्मक परियोजनाओं को वैश्विक बाजारों तक पहुंचा सकें।

उद्घाटन समारोह में मुख्य भाषण देते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने फिल्म बाजार की उल्लेखनीय प्रगति पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्ष 2007 में 18 देशों के 204 प्रतिनिधियों की भागीदारी से शुरू हुआ यह आयोजन हाल के आयोजनों में 2,500 से अधिक प्रतिनिधियों की भागीदारी तक पहुंच गया है। उन्होंने वेव्‍स फिल्म बाजार को ऐसा मंच बताया, जो रचनात्मक विचारों को व्यावसायिक अवसरों में बदलने में मदद करता है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वेव्‍स 2025 में प्रस्तुत ‘भारत में सृजन करें, दुनिया के लिए सृजन करें’ के विजन का जिक्र करते हुए उन्होंने भारतीय रचनात्मक प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय बाजारों और अवसरों तक अधिक पहुंच उपलब्ध कराने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने फिल्म बाजार को सहयोग और नई संभावनाओं की तलाश का एक महत्वपूर्ण मंच बताया। साथ ही, उन्होंने दुनियाभर के फिल्म निर्माताओं से इस बाजार का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया, जहां कहानियां साझेदारियों का रूप ले सकती हैं और रचनात्मकता से दीर्घकालिक आर्थिक एवं सांस्कृतिक मूल्य का सृजन हो सकता है।

वेव्‍स फिल्म बाजार के दो दशक पूरे होने के साथ ही इसकी भूमिका फिल्म उद्योग को एक मंच पर लाने से आगे बढ़कर कहानियों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने की संभावनाएं सृजित करने तक विस्तारित हो गई है। दुनियाभर के निर्माताओं, लेखकों, निवेशकों और वितरकों के साथ फिल्म निर्माताओं को जोड़कर यह मंच सुनिश्चित करने का प्रयास करता है कि संभावनाओं से भरपूर विचारों को सही सहयोगी मिलें और भारत की विविधतापूर्ण कहानियों को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचने के अवसर प्राप्त हों। इसका मुख्य उद्देश्य ऐसा मंच तैयार करना है, जहां संवाद से सहयोग के नए रास्ते खुलें और रचनात्मक विचारों को पर्दे तक पहुंचने का अवसर मिले।

गोवा में 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) का आगाज होने के साथ ही, महोत्सव के निदेशक एवं प्रख्यात फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारिकर ने आज सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) से प्रकाशित दैनिक महोत्सव न्यूज़लेटर ‘इफ्फिलॉइड’ के खंड 5, अंक 1 का विमोचन किया।

इफ्फी में एक और संस्करण के साथ ‘इफ्फिलॉइड’ अपने पाठकों को सिनेमा की जीवंत दुनिया की झलक प्रस्तुत करता है। यह न्यूज़लेटर फिल्मों, फिल्म निर्माताओं, विचार-विमर्श और उन यादगार पलों को एक मंच पर लाता है, जो इस महोत्सव को कहानी कहने की कला के उत्सव के रूप में विशेष पहचान देते हैं।

इस न्यूज़लेटर में महोत्सव की प्रमुख झलकियां, रोचक लेख, तस्वीरें, कार्यक्रमों की समय-सारणी और प्रमुख आयोजनों से जुड़ी नवीनतम जानकारी प्रकाशित की जाएगी। सिनेमाई प्रस्तुतियों और फिल्म निर्माताओं के साथ संवाद से लेकर फिल्मों की स्क्रीनिंग तथा महोत्सव की अन्य गतिविधियों तक, इस न्यूज़लेटर में महोत्सव के दौरान सामने आने वाले विविध अनुभवों को समेटा जाएगा।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.