November 16, 2026

उत्तराखंड में विकास का ऐसा मॉडल तैयार करना है, जिसमें विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी,

Dehradun 15 November 2026,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज आईआरडीटी ऑडिटोरियम, देहरादून में आयोजित ‘रैबार उत्तराखण्ड @26 : मिशन 2047’ कार्यक्रम में प्रबुद्ध जनों के साथ संवाद किया। मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड के वर्तमान विकास परिदृश्य, राज्य सरकार की प्राथमिकताओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और वर्ष 2047 तक विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण के लक्ष्य पर विस्तार से विचार साझा किए। उन्होंने विभिन्न प्रश्नों का उत्तर देते हुए कहा कि राज्य सरकार का प्रयास उत्तराखण्ड की विशिष्ट भौगोलिक, सांस्कृतिक और सामाजिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विकास का ऐसा मॉडल तैयार करना है, जिसमें विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि विकसित उत्तराखण्ड का लक्ष्य केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए अवसर, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, मजबूत आधारभूत ढांचा, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना भी शामिल है। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवी, शिक्षाविद, विशेषज्ञ, सामाजिक कार्यकर्ता, उद्यमी, प्रबुद्ध नागरिक और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोग उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने यूसीसी के विषय में विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य है, जिसने स्वतंत्रता के बाद समान नागरिक संहिता को लागू करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की। उन्होंने कहा कि यूसीसी का मूल उद्देश्य समाज में सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार और समान कानूनी व्यवस्था सुनिश्चित करना है। यूसीसी के माध्यम से विवाह और तलाक के पंजीकरण की व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने, बहुविवाह पर रोक तथा महिलाओं के अधिकारों की रक्षा जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड की चर्चा करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी अलग पहचान बनाने की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार ने स्थानीय उत्पादों को एक साझा ब्रांड के अंतर्गत लाकर उनके उत्पादन, गुणवत्ता, पैकेजिंग, विपणन और बाजार उपलब्धता को मजबूत करने का प्रयास किया है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में खेलों के विकास और 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि उत्तराखण्ड के युवाओं को खेलों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर अवसर मिलें। इसके लिए खेल मैदानों, स्टेडियमों, प्रशिक्षण केंद्रों और अन्य खेल सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। नई खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन, प्रशिक्षण, आर्थिक सहायता और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जा रहा है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने तथा उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में अवसर देने की व्यवस्था भी की गई है।

मुख्यमंत्री ने कृषि एवं बागवानी क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियां उच्च गुणवत्ता वाले फल, औषधीय पौधों और सुगंधित फसलों के उत्पादन के लिए अत्यंत अनुकूल हैं। राज्य सरकार किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ अधिक आय देने वाली फसलों की ओर प्रोत्साहित कर रही है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज राजकीय इंटर कॉलेज मैदान, कालाढूंगी में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने खेल, शिक्षा, कृषि, स्वरोजगार एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित किया। उन्होंने सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि मातृशक्ति की उपलब्धियां पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि महिलाओं के साहस, संघर्ष, परिश्रम और उपलब्धियों को नमन करने का अवसर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सर्वोच्च सम्मान दिया गया है। हमारी संस्कृति में कहा गया है कि ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’ अर्थात जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। । जब महिलाएं सशक्त होती हैं, तो परिवार, समाज और राष्ट्र भी सशक्त होता है।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.