November 16, 2026

श्रीनगर मां धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक दो मंजिला पार्किंग स्थल बनाया जाएगा

Uttrakhand 15 November 2026,

पौड़ी गढ़वाल जनपद स्थित प्रसिद्ध मां धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक दो मंजिला पार्किंग स्थल बनाने की योजना पर तेजी से कार्यवाही हो रही है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और चारधाम यात्रा के दौरान वाहनों की अधिक आवाजाही को देखते हुए प्रस्तावित पार्किंग से मंदिर क्षेत्र में यातायात एवं वाहन पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अंतर्गत धारी देवी, श्रीनगर में पार्किंग निर्माण की यह योजना प्रस्तावित है। परियोजना के लिए भूमि चिह्नीकरण एवं भू-सर्वेक्षण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में परियोजना से संबंधित प्रशासनिक एवं तकनीकी औपचारिकताओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित की गई है।

प्रस्तावित पार्किंग के निर्माण के लिए ग्राम कलियासौड़, तहसील श्रीनगर में कुल 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। यह भूमि ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के बाईं ओर श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के जलाशय की डाउन साइड टर्निंग साइट के समीप स्थित है। मंदिर के निकट होने के कारण यह स्थल पार्किंग निर्माण के लिए महत्वपूर्ण है।

चिह्नित भूमि का जीआईएस के माध्यम से भू-सर्वेक्षण भी कराया जा चुका है। सर्वेक्षण के अनुसार, निर्धारित शर्तों के अधीन भूमि पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त पाई गई है। प्रस्तावित योजना के तहत लगभग 20 मीटर × 70 मीटर क्षेत्र में दो मंजिला पार्किंग विकसित की जाएगी, जिसकी करीब 100 ईसीएस (इक्विवेलेंट कार स्पेस) की क्षमता होगी।

राज्य सरकार का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर श्रद्धालुओं की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाना है। मां धारी देवी मंदिर के समीप प्रस्तावित यह पार्किंग इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे भविष्य में मंदिर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ धार्मिक पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.