November 16, 2026

पीएम मोदी ने 3,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 246 विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास

Delhi 15 November 2026,

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ कार्यक्रम को संबोधित किया। यह कार्यक्रम धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव पखवाड़े के समापन के अवसर पर आयोजित किया गया था। पीएम मोदी ने इस अवसर पर करीब 3,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 246 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में जनजातीय विद्यार्थियों के लिए 38 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का उद्घाटन और 19 नए एकलव्य विद्यालयों की आधारशिला रखना शामिल है।प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम -जेएएनएमएएन) के तहत 100 बहुउद्देशीय केंद्रों का उद्घाटन एवं अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में जनजातीय अनुसंधान संस्थान भवन और मिजोरम में रानी रूपुइलियानी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का भी उद्घाटन हुआ।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, आज जनजातीय गौरव दिवस के इस अवसर पर देश के अलग-अलग राज्यों में जनजातीय विकास से जुड़ी 170 से अधिक परियोजनाओं का लोकार्पण और 70 से अधिक प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास किया गया है। मिजोरम में महान स्वतंत्रता सेनानी रोपु-इलियानी जी को समर्पित संग्रहालय का लोकार्पण हुआ है। अरुणाचल प्रदेश में जनजातीय अनुसंधान संस्थान के नए भवन का लोकार्पण भी हुआ है। इसके अलावा, लोकार्पण और शिलान्यास होने वालों में शिक्षा से जुड़े संस्थान हैं, स्वास्थ्य सेवाएं हैं, जनजातीय उत्पादों के लिए मार्केटिंग सेंटर हैं, और गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से जुड़े अनेक काम हैं। देश के अलग-अलग राज्यों में करीब 3 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। मैं इन सभी परियोजनाओं के लिए आप सबको, देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती पर मैं उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। जनजातीय गौरव दिवस, देश का एक ऐसा पर्व है, जिससे जनजातीय समाज का गौरव जुड़ा है, जिससे भगवान बिरसा मुंडा की प्रेरणा जुड़ी है।

पीएम मोदी ने कहा, 15 नवंबर 2021 से जनजातीय गौरव दिवस मनाने की जो शुरुआत हुई, आज वो एक राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है। पिछले वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म जयंती पर देशभर में 2 लाख से अधिक कार्यक्रम हुए। करोड़ों देशवासी इन आयोजनों का हिस्सा बने। एक समय था, जब हमारे देश में अनेक दिवस और उत्सव विदेशी दृष्टिकोण से तय होते थे। लेकिन आज, भारत अपनी विरासत को, अपने इतिहास को, अपने नायकों को स्वदेशी स्वाभिमान के साथ गौरव पूर्वक याद कर रहा है। ये हमारी राष्ट्रीय चेतना में आए एक बड़े परिवर्तन का प्रतीक है।

पीएम मोदी ने नक्सलवाद, माओवाद पर चर्चा करते हुए कहा कि हमने देश को नक्सलवाद, माओवाद से मुक्ति दिलाई है, जो हमारी बहुत बड़ी उपलब्धि है। गढ़चिरौली समेत देश के तमाम आदिवासी इलाकों के लोग जानते हैं, नक्सली हिंसा ने सबसे ज्यादा नुकसान हमारे जनजातीय समाज का ही किया। 2014 में, देश के करीब सवा सौ जिले माओवाद-नक्सलवाद से पीड़ित थे। हर साल हिंसा की सैकड़ों घटनाएँ होती थीं। इन घटनाओं में हजारों निर्दोष लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी।  माओवाद-नक्सलवाद खत्म हुआ तो, जो आज अपने आप को सुरक्षित महसूस कर रही है। जिसका बचपन छीन लिया गया था, वो अब युवा बनकर हमारे साथ जुड़ रहा है, उसको पढ़ाई के अवसर मिल रहे हैं, रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। छत्तीसगढ़ में बस्तर जैसा इलाका, जहां एक समय लोग जाने से डरते थे, अभी कुछ ही दिन पहले मैंने उस इलाके के केंद्र बिुंद, वहां हमारे सुरक्षाबलों के साथ दीवाली मनाई। गढ़चिरौली समेत सभी नक्सल प्रभावित रहे इलाकों में इस बार दीवाली में दीयों के साथ-साथ उम्मीद की रोशनी भी लोगों तक पहुंची है।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.