हल्द्वानी प्रकरण को लेकर अल्मोड़ा में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, फूंका सरकार का पुतला
अल्मोड़ा। हल्द्वानी में नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म के मामले को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। इस मामले के विरोध में अल्मोड़ा में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए चौघानपाटा में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला दहन कर महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
शनिवार को आयोजित प्रदर्शन में युवा कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। पूर्व प्रदेश महासचिव एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य गोपाल भट्ट ने कहा कि प्रदेश में लगातार महिला अपराधों के मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन सरकार इन मामलों में जवाबदेही तय करने में नाकाम साबित हो रही है।
वहीं, जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह फर्त्याल ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा केवल चुनावी नारा नहीं, बल्कि सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने हल्द्वानी प्रकरण की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने के साथ ही सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए समान होना चाहिए और किसी भी आरोपी को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने पीड़िता को सुरक्षा, न्याय और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग करते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के मामले में सरकार को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।
विक्रम सिंह फर्त्याल – जिलाध्यक्ष, युवा कांग्रेस अल्मोड़ा
