कुंभ-2027 से पहले पीले रंग में सजेगी धर्मनगरी हरिद्वार, भवन स्वामियों ने दिया सहयोग का भरोसा
हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत धर्मनगरी हरिद्वार को सजाने-संवारने की कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में मेला प्रशासन की ओर से शहर के मठ-मंदिरों, आश्रमों, धर्मशालाओं, होटलों, आवासीय भवनों और रेन बसेरों को पीले रंग से सजाने की मुहिम शुरू की गई है। इस पहल को लेकर भवन स्वामियों और सामाजिक संगठनों ने भी समर्थन जताया है।
इसी क्रम में पूर्व कृषि उत्पादन मंडी समिति अध्यक्ष संजय चोपड़ा के संयोजन में बिरला घाट पर विशेष बैठक आयोजित की गई। धर्मशाला रक्षा समिति के अध्यक्ष महेश गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मुख्य अतिथि अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती सहित कुंभ मेला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में आगामी कुंभ मेले को भव्य और यादगार बनाने के लिए शहर को आकर्षक स्वरूप देने की पहल का स्वागत किया गया। गंगा किनारे स्थित विभिन्न भवनों के स्वामियों ने मेला प्रशासन की मुहिम में पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती ने कहा कि कुंभ मेला-2027 से पहले सरकार के निर्देश पर धर्मनगरी हरिद्वार को पीले रंग से सजाने-संवारने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस पहल को लेकर धर्मशालाओं, आश्रमों, मठ-मंदिरों और अन्य भवनों के स्वामियों ने सहमति जताई है, जो स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार की विश्वभर में विशिष्ट पहचान है। ऐसे में कुंभ मेला-2027 को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए सामाजिक संगठनों को भी स्वयं आगे आकर सहयोग करना चाहिए।
वहीं, संजय चोपड़ा ने कहा कि कुंभ मेला प्रशासन की ओर से हरिद्वार में विकास और सौंदर्यीकरण के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने बिरला घाट के समीप संत शिरोमणि गुरु रविदास घाट का निर्माण कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि देश-दुनिया से गुरु रविदास के अनुयायी मां गंगा के दर्शन और स्नान के लिए हरिद्वार पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी आस्था को ध्यान में रखते हुए गुरु रविदास महाराज के नाम पर एक अलग घाट और स्मृति स्तंभ स्थापित किया जाना चाहिए।
धर्मशाला रक्षा समिति के अध्यक्ष महेश गौड़ ने भी हरिद्वार को सजाने-संवारने की मेला प्रशासन की पहल का स्वागत किया। उन्होंने समिति के सभी मंडलों की ओर से प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए अभियान में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों, शहर के सौंदर्यीकरण और धार्मिक स्थलों के विकास को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
