पौड़ी गढ़वाल: इंदिरापुरी इंटर कॉलेज के खातों से धन निकासी पर उठे सवाल, जांच की मांग
पौड़ी गढ़वाल के एकेश्वर ब्लॉक स्थित इंदिरापुरी इंटर कॉलेज के वित्तीय लेनदेन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण शर्मा ने देहरादून में प्रेसवार्ता कर कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
अरुण शर्मा ने आरोप लगाया कि कॉलेज के खातों से नियमों को ताक पर रखकर अलग-अलग समय पर एक लाख, दो लाख और चार लाख रुपये की निकासी की गई। उन्होंने दावा किया कि सूचना का अधिकार (RTI) के तहत प्राप्त दस्तावेजों में इन लेनदेन से जुड़े प्रमाण मिले हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दूसरे इंटर कॉलेज के महावीर सिंह बिष्ट के खाते में मजदूर के नाम पर धनराशि भेजी गई। शर्मा ने कहा कि इस पूरे मामले की गहनता से जांच होनी चाहिए और यदि वित्तीय अनियमितताएं प्रमाणित होती हैं तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए।
संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने जांच अधिकारी पर भी कॉलेज प्रबंधक के साथ कथित सांठगांठ कर उन्हें बचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि शिकायतकर्ता के आरोप गलत साबित होते हैं तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन उनके पास मौजूद दस्तावेज सही हैं।
उन्होंने शासन-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सच्चाई सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
अरुण शर्मा, प्रवक्ता राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन
