November 15, 2026

देहरादून: रॉबर्स केव को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने की तैयारी, केंद्र से मांगी मंजूरी

Meet

उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रॉबर्स केव (गुच्चुपानी) को आधुनिक सुविधाओं से युक्त पर्यटन हब के रूप में विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। इस संबंध में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से शिष्टाचार भेंट कर प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया।

मुलाकात के दौरान गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रॉबर्स केव के सौंदर्यीकरण, आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण और आधुनिक पर्यटक सुविधाओं के विकास का विषय उठाया। उन्होंने कहा कि रॉबर्स केव अपनी प्राकृतिक सुंदरता और विशिष्ट भौगोलिक संरचना के कारण देश-विदेश के पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है।

उन्होंने कहा कि इस पर्यटन स्थल का सुनियोजित विकास होने से पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

कृषि मंत्री ने कहा कि पर्यटन उत्तराखंड की आर्थिकी का महत्वपूर्ण आधार है। राज्य सरकार पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, मौजूदा पर्यटन स्थलों के उन्नयन और नए पर्यटन गंतव्यों को विकसित करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से उत्तराखंड सरकार की ओर से केंद्र को भेजे गए पर्यटन विकास से जुड़े अन्य प्रस्तावों को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द मंजूरी देने का अनुरोध किया।

वहीं, केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने उठाए गए विषयों पर सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए संबंधित प्रस्तावों पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.