CM योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, पौड़ी गढ़वाल के पंचूर गांव में ली अंतिम सांस
पौड़ी गढ़वाल/देहरादून, 20 नवंबर 2026। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से वह काफी समय से परेशान थीं।
मां के निधन की खबर मिलने के समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक आधिकारिक कार्यक्रम में मौजूद थे। इसके बावजूद उन्होंने अपना निर्धारित कार्यक्रम पूरा किया। वह स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत विद्यार्थियों को टैबलेट वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री लखनऊ पहुंचे और फिर अपनी मां के अंतिम दर्शन के लिए उत्तराखंड रवाना हुए।
पंचूर गांव में शोक की लहर
मुख्यमंत्री की मां के निधन की खबर से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में शोक की लहर है। सावित्री देवी का जीवन अधिकतर अपने पैतृक गांव पंचूर में ही बीता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने राजनीतिक और प्रशासनिक दायित्वों के बीच समय-समय पर उनसे मिलने गांव पहुंचते रहे थे।
परिवार की ओर से अंतिम संस्कार हरिद्वार में किए जाने की संभावना जताई गई है।
सीएम धामी सहित कई नेताओं ने जताया शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह , उत्तराखंड कैबिनेट मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा सहित कई राजनीतिक नेताओं ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
