देहरादून: साहित्य अकादमी और लेखक गाँव के बीच जल्द होगा एमओयू, साहित्यिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
देहरादून। साहित्य अकादमी के सचिव प्रो. वरुण गुलाटी ने आज लेखक गाँव का भ्रमण कर वहां विकसित साहित्यिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक सुविधाओं का अवलोकन किया। लेखक गाँव की अवधारणा और भारतीय ज्ञान परंपरा को संरक्षित करने की पहल से प्रभावित होकर उन्होंने इसकी सराहना की। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि साहित्य अकादमी और लेखक गाँव के बीच जल्द ही एमओयू किया जाएगा, जिससे दोनों संस्थान मिलकर साहित्यिक गतिविधियों और रचनात्मक कार्यक्रमों को आगे बढ़ा सकेंगे।
भ्रमण के दौरान प्रो. वरुण गुलाटी ने नालंदा पुस्तकालय, तक्षशिला भवन, अटल प्रेक्षागृह, प्रकृति की पाठशाला और हिमालय संजीवनी वाटिका सहित विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि साहित्य, संस्कृति, प्रकृति और भारतीय ज्ञान परंपरा को एक साथ जोड़ने की लेखक गाँव की परिकल्पना अद्भुत है। ऐसे केंद्र साहित्यिक गतिविधियों, सृजनात्मक संवाद और सांस्कृतिक विमर्श को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इस अवसर पर उन्होंने लेखक गाँव के संस्थापक, पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ से भी मुलाकात की। दोनों के बीच साहित्यिक गतिविधियों के विस्तार और भविष्य में आपसी सहयोग को लेकर चर्चा हुई।
डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कहा कि लेखक गाँव साहित्य, संस्कृति, भारतीय ज्ञान परंपरा और प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन को समर्पित एक अभिनव पहल है। साहित्य अकादमी के साथ प्रस्तावित सहयोग साहित्यिक गतिविधियों के विस्तार और देश की समृद्ध साहित्यिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
उन्होंने कहा कि दोनों संस्थानों के साझा प्रयासों से साहित्यकारों को रचनात्मक संवाद और साहित्यिक गतिविधियों के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा सकेगा।
