यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने हासिल किया CMMI लेवल-5, बना देश का पहला सार्वजनिक क्षेत्र का बैंक
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने अपनी तकनीकी और डिजिटल परिवर्तन यात्रा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बैंक ने कैपेबिलिटी मैच्योरिटी मॉडल इंटीग्रेशन (CMMI) डेवलपमेंट और CMMI सर्विसेज मॉडल, संस्करण 3.0 के तहत मैच्योरिटी लेवल-5 प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के साथ यूनियन बैंक ऑफ इंडिया यह मान्यता हासिल करने वाला भारत का पहला सार्वजनिक क्षेत्र का बैंक बन गया है।
खास बात यह है कि बैंक देश का पहला ऐसा बैंक भी बन गया है, जिसने CMMI डेवलपमेंट और CMMI सर्विसेज के दोनों मॉडल के संयुक्त मूल्यांकन के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल की है। CMMI मैच्योरिटी लेवल-5 इस वैश्विक ढांचे का सर्वोच्च स्तर है। यह किसी संस्थान की बेहतर कार्यप्रणाली, उच्च गुणवत्ता वाले सेवा प्रबंधन, डेटा आधारित निर्णय लेने और निरंतर सुधार की क्षमता को दर्शाता है।
इस उपलब्धि पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के वर्टिकल प्रमुख-आईटी एवं मुख्य महाप्रबंधक कबीर भट्टाचार्य ने कहा कि CMMI मैच्योरिटी लेवल-5 हासिल करना बैंक के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह प्रक्रिया उत्कृष्टता, मापने योग्य कार्यनिष्पादन, सेवा गुणवत्ता और निरंतर नवाचार के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस मान्यता से सुरक्षित, विश्वसनीय और ग्राहक केंद्रित बैंकिंग समाधान उपलब्ध कराने की बैंक की क्षमता और मजबूत होगी।
बैंक ने CMMI मैच्योरिटी लेवल-3 से लेवल-5 तक का सफर तय किया है। यह तकनीकी प्रबंधन को मजबूत करने, आंतरिक प्रक्रियाओं को बेहतर बनाने और सॉफ्टवेयर विकास के साथ सेवा वितरण की गुणवत्ता में सुधार के लिए किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम है। इस मूल्यांकन प्रक्रिया में KPMG ने परामर्श भागीदार के रूप में सहयोग किया और बैंक की कार्यप्रणाली को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाने में मदद की।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के अनुसार, यह उपलब्धि एक मजबूत, कुशल और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बैंकिंग इकोसिस्टम विकसित करने के उसके संकल्प को मजबूती देती है। बैंक आने वाले समय में डिजिटल क्षमताओं को और बेहतर बनाने, परिचालन को विश्वसनीय बनाने तथा ग्राहकों की बदलती जरूरतों के अनुरूप सरल और सुरक्षित बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान केंद्रित करेगा।
