November 25, 2026

पणजी: प्रसार भारती की पहली स्क्रिप्ट पिचिंग लैब के विजेताओं की घोषणा

Winners

पणजी। 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के दौरान प्रसार भारती ने अपनी पहली स्क्रिप्ट पिचिंग लैब ‘पेज से पिच तक’ के विजेताओं की घोषणा की। पणजी स्थित कला अकादमी में आयोजित समारोह में अविशेष झा ने अपनी स्क्रिप्ट ‘मिर्ची केक’ के लिए पहला स्थान हासिल किया। उन्हें पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

इस प्रतियोगिता में सत्य व्यास की स्क्रिप्ट ‘संहार’ को दूसरा स्थान मिला, जिसके लिए उन्हें तीन लाख रुपये दिए गए। वहीं, जितेश ठाकुर की स्क्रिप्ट ‘शरद पूर्णिमा’ तीसरे स्थान पर रही। उन्हें दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी की परिकल्पना पर आधारित इस पहल का उद्देश्य देश के उभरते लेखकों को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से फीचर फिल्मों, वृत्तचित्रों और लघु फिल्मों के लिए दस भारतीय भाषाओं में मौलिक कहानियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। पहल को लेकर लेखकों में खासा उत्साह देखने को मिला और घोषणा के महज दस दिनों के भीतर करीब एक हजार स्क्रिप्ट प्राप्त हुईं।

पुरस्कार वितरण समारोह में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव पृथुल कुमार और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के प्रबंध निदेशक धीरज सिंह मौजूद रहे। इस दौरान पृथुल कुमार ने कहा कि युवा भारत की रचनात्मक क्षमता को पहचानना और उसे प्रोत्साहित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पटकथा लेखन फिल्म निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। एक प्रभावशाली पटकथा और सशक्त कहानी ही सफल फिल्म की बुनियाद तैयार करती है।

वहीं, दूरदर्शन की महानिदेशक रीना सोनोवाल कौली ने स्वागत भाषण में कहा कि ‘पेज से पिच तक’ जैसी पहल भारत की भाषाई और रचनात्मक विविधता को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे नए लेखकों को अपने मौलिक विचार राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

प्रतियोगिता के पिचिंग सत्र में चयनित दस प्रतिभागियों ने प्रतिष्ठित जूरी के सामने अपनी मौलिक पटकथाएं प्रस्तुत कीं। जूरी में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता अभिनेता मनोज जोशी, लेखक एवं स्वतंत्र शोधकर्ता संदीप बालकृष्ण, फिल्मकार एवं संपादक श्रीनारायण सिंह और राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता पत्रकार एवं फिल्म समीक्षक अनंत विजय शामिल रहे।

आयोजकों की ओर से चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को 50-50 हजार रुपये के विशेष उल्लेख पुरस्कार दिए गए। सातवें से दसवें स्थान तक के प्रतिभागियों को प्रशंसा-पत्र और शीर्ष 30 चयनित लेखकों को भागीदारी प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

21 से 23 नवंबर 2026 तक आयोजित इस पहल का उद्देश्य उभरते कहानीकारों और फिल्म उद्योग के बीच की दूरी को कम करना है। प्रसार भारती इसे वार्षिक आयोजन के रूप में आगे बढ़ाने की योजना बना रहा है, ताकि प्रतिभाशाली लेखकों को फिल्म उद्योग के पेशेवरों से जुड़ने और अपनी कहानियों को बड़े पर्दे तक पहुंचाने का अवसर मिल सके।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.