अग्निवीरों के लिए बड़ी राहत: चार साल की सेवा के बाद शादी की मिलेगी अनुमति, दूसरे कार्यकाल में बदले नियम
नई दिल्ली | 24 नवंबर 2026
केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के तहत सेना में भर्ती होने वाले अग्निवीरों के लिए शादी से जुड़े नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। नए प्रावधान के तहत अग्निवीरों को शुरुआती चार साल की सेवा पूरी करने के बाद दूसरे कार्यकाल के दौरान विवाह करने की अनुमति दी जाएगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तीनों सेनाओं ने इस संबंध में सहमति जताई है। अग्निवीरों के लिए दूसरे कार्यकाल की अवधि दो वर्ष निर्धारित की गई है। इस दौरान विवाह की अनुमति देने का फैसला किया गया है। नौसेना ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं, जबकि थलसेना और वायुसेना की ओर से औपचारिक निर्देश जारी किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।
पहले चार साल तक विवाह पर रहेगा प्रतिबंध
अग्निपथ योजना के मौजूदा प्रावधानों के अनुसार, अग्निवीरों को भर्ती के समय अविवाहित होना अनिवार्य है। उन्हें शुरुआती चार साल की सेवा अवधि के दौरान विवाह करने की अनुमति नहीं होती। नियम का उल्लंघन करने पर सेवा से मुक्त किए जाने का प्रावधान है।
नए बदलाव के अनुसार, शुरुआती चार साल पूरे करने के बाद दूसरे कार्यकाल में प्रवेश करने वाले अग्निवीरों को विवाह की अनुमति मिलेगी। हालांकि, दूसरे कार्यकाल में प्रवेश के समय अविवाहित होना और निर्धारित प्रशिक्षण पूरा करना जरूरी होगा
छह साल तक हो सकती है सेवा
अग्निपथ योजना में किए गए संशोधन के तहत अग्निवीरों की सेवा अवधि को लेकर भी बदलाव किया गया है। शुरुआती चार साल के बाद 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल देने की व्यवस्था की गई है। वहीं, 25 प्रतिशत अग्निवीरों को योग्यता और निर्धारित मानकों के आधार पर नियमित कैडर में शामिल किए जाने का प्रावधान है।
उत्तराखंड के युवाओं के लिए भी अहम फैसला
उत्तराखंड के हजारों युवा सेना में भर्ती होने का सपना देखते हैं। ऐसे में विवाह संबंधी नियमों में बदलाव को युवाओं और उनके परिवारों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में कम उम्र में सेना में भर्ती होने वाले युवाओं के लिए यह फैसला सामाजिक और पारिवारिक दृष्टि से राहत देने वाला हो सकता है।
