November 24, 2026

उत्तराखंड में खत्म होगी खाद की नई ई-टोकन व्यवस्था, पुरानी प्रणाली से ही किसानों को मिलेगी खाद

Ganesh Joshi

प्रदेश में खाद की नई ई-टोकन व्यवस्था (FFS-Fertilizer Framework) से किसानों को हो रही परेशानियों के बीच राहत भरी खबर है। कृषि मंत्री गणेश जोशी के प्रयासों के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड में नई ई-टोकन व्यवस्था को रद्द करने के आग्रह को स्वीकार कर लिया है। इसके बाद अब प्रदेश के किसानों को पूर्व की भांति पुरानी व्यवस्था के तहत ही उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। इस संबंध में भारत सरकार की ओर से जल्द ही आधिकारिक पत्र भी जारी किया जाएगा।

दरअसल, प्रदेश में नई ई-टोकन व्यवस्था लागू होने के बाद किसानों को खाद प्राप्त करने में कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। रबी फसलों की बुवाई के महत्वपूर्ण समय को देखते हुए कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से दूरभाष पर वार्ता कर उत्तराखंड में नई व्यवस्था में शिथिलता देने और किसानों को पहले की तरह खाद उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। इसके साथ ही उन्होंने इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र भी भेजा था।

केंद्रीय कृषि मंत्री द्वारा मांग स्वीकार किए जाने पर गणेश जोशी ने उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। खेती-किसानी के कार्यों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत और पंतनगर में किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने कृषि मंत्री गणेश जोशी से मुलाकात कर नई ई-टोकन व्यवस्था के कारण किसानों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया था। उन्होंने इस मामले में आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया था।

कृषि मंत्री ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार के समक्ष यह मुद्दा उठाया, जिसके बाद नई व्यवस्था को समाप्त कर पुरानी प्रणाली बहाल करने के आग्रह को मंजूरी मिली है। इससे प्रदेश के किसानों को खाद की उपलब्धता और वितरण में आ रही परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.