November 24, 2026

देहरादून में सजा गांधी शिल्प बाजार, देशभर के हस्तशिल्पियों के उत्पादों की लगी प्रदर्शनी

Fair

राजधानी देहरादून में हस्तशिल्प और पारंपरिक कला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रिंग रोड स्थित बी.जे.पी. ग्राउंड में भव्य गांधी शिल्प बाजार का आयोजन किया जा रहा है। 20 से 29 नवंबर तक चलने वाले इस मेले में देशभर से आए हस्तशिल्पी अपने पारंपरिक और आधुनिक उत्पादों का प्रदर्शन करने के साथ उनकी बिक्री भी कर रहे हैं।

भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस मेले में विभिन्न राज्यों की हस्तशिल्प कला और स्थानीय कारीगरों की रचनात्मकता देखने को मिल रही है। हस्तशिल्प सेवा केंद्र के सहायक निदेशक गोपेश कुमार मौर्य ने बताया कि मेले में शामिल होने वाले शिल्पकारों को प्रोत्साहित करने के लिए निशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही उन्हें आने-जाने का किराया और दैनिक भत्ता भी दिया जा रहा है।

मेले में लकड़ी से बने आकर्षक उत्पाद, कालीन, चूड़ियां, टेराकोटा, ब्लू पॉटरी, पीतल के सामान, जूट बैग और ऊनी वस्त्र सहित कई तरह के हस्तनिर्मित उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। यहां लोगों को देश के अलग-अलग हिस्सों की पारंपरिक कला और शिल्प से जुड़ी वस्तुएं एक ही स्थान पर खरीदने का अवसर मिल रहा है।

मेले की एक खास विशेषता यह भी है कि यहां खरीदारी के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच दिया जाएगा। गांधी शिल्प बाजार के जरिए जहां हस्तशिल्पियों को अपने उत्पादों के प्रचार और बिक्री का अवसर मिल रहा है, वहीं लोगों को भारतीय पारंपरिक कला और संस्कृति से रूबरू होने का मौका भी मिल रहा है।

गोपेश कुमार मौर्य, सहायक निदेशक

सीपी शर्मा, प्रॉजेक्ट कोडिनेटर

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.