November 24, 2026

देहरादून: एसीपी बहाली की मांग को लेकर 27 नवंबर को सचिवालय कूच करेंगे कर्मचारी

Meeting

देहरादून। 10, 16 और 26 वर्ष की सेवा पर पूर्व की भांति एसीपी (प्रोन्नत वेतनमान) व्यवस्था बहाल करने की मांग को लेकर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने आंदोलन तेज करने की तैयारी कर ली है। इसी क्रम में 27 नवंबर को प्रस्तावित सचिवालय कूच को सफल बनाने के लिए रविवार को परिषद की देहरादून जिला कार्यकारिणी की सामान्य बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई।

कचहरी रोड स्थित लोक निर्माण विभाग नियमित (कार्यप्रभारित) कर्मचारी संघ भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रविन्द्र सिंह चौहान ने की, जबकि संचालन जिला सचिव पिंकेश रावत ने किया। बैठक में परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अरुण पांडे मुख्य अतिथि और प्रदेश महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। बैठक की व्यवस्थाएं लोक निर्माण विभाग नियमित वर्कचार्ज संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार ने संभालीं।

बैठक में कर्मचारियों की लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से 10, 16 और 26 वर्ष की सेवा पर पूर्व की भांति एसीपी का लाभ दिए जाने की मांग उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों पर शासन स्तर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। इसके चलते कर्मचारियों में नाराजगी है और अब आंदोलन के माध्यम से अपनी मांगों को मजबूती से उठाया जाएगा।

मुख्य अतिथि अरुण पांडे और विशिष्ट अतिथि शक्ति प्रसाद भट्ट ने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। परिषद पुरानी एसीपी व्यवस्था की बहाली समेत कर्मचारियों के हितों से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रही है। उन्होंने सभी विभागों के कर्मचारियों से 27 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में सचिवालय कूच में शामिल होने की अपील की।

जिलाध्यक्ष रविन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि आंदोलन की तैयारियों के लिए संचालन समिति का गठन किया गया है। जनपद सहित प्रदेश के विभिन्न विभागों के कर्मचारी इस आंदोलन में भाग लेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि 27 नवंबर को सचिवालय कूच राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद और उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के संयुक्त एसीपी बहाली मोर्चा के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों से एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.