देहरादून: सीएम धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्यसेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि विवाद, आर्थिक सहायता और पेंशन सहित विभिन्न मुद्दों को मुख्यमंत्री के सामने रखा।
मुख्यमंत्री ने जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि लोगों की शिकायतों का समयबद्ध तरीके से समाधान हो और उन्हें राहत मिले।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की हिदायत भी दी। उन्होंने कहा कि जनसेवा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और आमजन को राहत पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘धन्य धन्य धामी जी’ गीत और पोस्टर का विमोचन भी किया। इस गीत को निर्मल अनुरागी और अंजलि अनुरागी ने अपनी आवाज दी है।
