भीमताल झील की गहराई और जल भंडारण क्षमता का होगा वैज्ञानिक आकलन, चार दिवसीय सर्वे पूरा
उत्तराखंड की प्रमुख प्राकृतिक झीलों में शामिल भीमताल झील के संरक्षण और पुनर्जीवन की दिशा में सरकार ने पहल तेज कर दी है। स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (SARRA) की ओर से झील का चार दिवसीय विस्तृत वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराया गया है। 20 से 23 नवंबर 2026 तक चले इस सर्वेक्षण के माध्यम से झील की वर्तमान गहराई, जल भंडारण क्षमता और तल पर जमा गाद एवं तलछट की स्थिति का आकलन किया गया।
जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा के निर्देशों पर कराए गए इस सर्वेक्षण का उद्देश्य झील की मौजूदा स्थिति का वैज्ञानिक आधार तैयार करना और भविष्य में इसके पुनर्जीवन तथा गाद निकासी (ड्रेजिंग) की संभावनाओं का तकनीकी मूल्यांकन करना है।
सर्वेक्षण का कार्य रुड़की की एजेंसी मैसर्स जियोसाइंस कंसल्टेंसी सर्विसेज की ओर से आधुनिक उपकरणों की सहायता से किया गया। इसके तहत मोटर बोट पर स्थापित इकोसाउंडर के माध्यम से झील के विभिन्न हिस्सों की गहराई मापी गई। वहीं, झील की परिधि पर DGPS उपकरणों की मदद से सर्वेक्षण बिंदुओं की सटीक भौगोलिक स्थिति और निर्देशांक दर्ज किए गए।
सर्वेक्षण में ड्यूल फ्रीक्वेंसी सिंगल बीम इकोसाउंडर और मल्टी-कॉन्स्टेलेशन DGPS/GNSS सिस्टम का इस्तेमाल किया गया। तकनीकी सटीकता सुनिश्चित करने के लिए RTK/CORS करेक्शन के साथ ट्रांसड्यूसर की माउंटिंग डेप्थ, ऑफसेट और जलस्तर का मापन भी किया गया। इसके अलावा लगभग 10 मीटर के अंतराल पर सर्वे ट्रांसेक्ट निर्धारित किए गए और क्रॉस-चेक लाइन के साथ झील की बाहरी सीमा का भी सर्वेक्षण किया गया।
झील की गहराई से लेकर गाद की मात्रा तक का बनेगा रिकॉर्ड
सर्वेक्षण के आंकड़ों के आधार पर भीमताल झील का बैथिमेट्रिक कंटूर एवं डेप्थ प्लान, क्रॉस-सेक्शन प्रोफाइल और डिजिटल बेड सरफेस तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही झील के तल पर जमा तलछट की मोटाई और संभावित ड्रेजिंग की मात्रा का भी आकलन होगा।
तकनीकी रिपोर्ट में 3D डिजिटल टेरेन मॉडल (DTM), 10 मीटर CAD क्रॉस-सेक्शन, कुल जल भंडारण क्षमता, सिल्ट कैपेसिटी और एरिया-कैपेसिटी कर्व तैयार किए जाएंगे। इससे पता चल सकेगा कि झील की वर्तमान जल संग्रहण क्षमता कितनी है और किन हिस्सों में अधिक गाद जमा हुई है।
वैज्ञानिक अध्ययन के आधार पर बनेगी पुनर्जीवन की योजना
सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़ों और विस्तृत तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर झील में गाद निकासी की व्यवहार्यता का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके बाद झील के संरक्षण, जल संग्रहण क्षमता के बेहतर प्रबंधन और पुनर्जीवन के लिए आगामी कार्ययोजना तैयार करने में मदद मिलेगी।
SARRA की इस पहल को उत्तराखंड की प्राकृतिक जल संपदा के दीर्घकालिक संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे न केवल भीमताल झील के बेहतर प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलने की उम्मीद है, बल्कि स्थानीय लोगों और पर्यटन गतिविधियों को भी लाभ मिल सकता है।
