उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक और पुलिस फेरबदल, 34 अधिकारियों के तबादले; कई जिलों के SSP बदले
उत्तराखंड सरकार ने प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 34 अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। शासन की ओर से 25 नवंबर को जारी दो अलग-अलग स्थानांतरण आदेशों के तहत 17 प्रशासनिक अधिकारियों और 17 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इनमें आईएएस, आईपीएस, पीसीएस और सचिवालय संवर्ग के अधिकारी शामिल हैं। सभी तबादले तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।
इस फेरबदल में कई महत्वपूर्ण विभागों के सचिव बदले गए हैं, जबकि पुलिस विभाग में भी कई जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (SSP) को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। शासन ने सभी अधिकारियों को नवीन तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासनिक फेरबदल में इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
प्रमुख सचिव एल फैनई को प्रमुख सचिव आबकारी विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि दिलीप जावलकर से सचिव वित्त विभाग का दायित्व वापस लिया गया है। डॉ. रणजीत कुमार सिन्हा को सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग बनाया गया है। बृजेश कुमार संत को सचिव खेल एवं युवा कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
डॉ. आर. राजेश कुमार को सचिव औद्योगिक विकास (खनन) के साथ प्रबंध निदेशक खनन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। युगल किशोर पंत सचिव तकनीकी शिक्षा और रंजना राजगुरु सचिव नियोजन विभाग बनाई गई हैं। वहीं, अमित सिन्हा से विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण का दायित्व वापस लिया गया है।
रीना जोशी को अपर सचिव श्रम विभाग, विनीत कुमार को अपर सचिव जलागम एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के साथ पीडी जलागम के अपर निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। मनुज गोयल को अपर सचिव वित्त विभाग बनाया गया है।
मेहरबान सिंह बिष्ट को अपर सचिव गृह विभाग और अभिनव शाह को अपर सचिव सहकारिता एवं निबंधक सहकारिता की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पीसीएस अधिकारी बीआर चलाल को निदेशक दुग्ध विकास एवं निदेशक महिला डेयरी बनाया गया है। इला गिरी को अपर आयुक्त नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले की जिम्मेदारी दी गई है। सचिवालय सेवा के विक्रम सिंह यादव से अपर सचिव अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का दायित्व वापस लिया गया है, जबकि महिमा रौंकली को अपर सचिव वन विभाग बनाया गया है।
पुलिस विभाग में भी बड़ा फेरबदल, कई जिलों के SSP बदले
पुलिस विभाग में जारी तबादला आदेश के तहत मंजू नाथ टीसी को एसएसपी नैनीताल से सेनानायक 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर भेजा गया है। पंकज भट्ट को सेनानायक आईआरबी प्रथम बेलचौड़ की जिम्मेदारी दी गई है।
मणिकांत मिश्रा को ऊधमसिंह नगर का एसएसपी बनाया गया है, जबकि अमित श्रीवास्तव प्रथम को पुलिस अधीक्षक अभिसूचना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। श्वेता चौबे को सेनानायक आईआरबी द्वितीय और अमित श्रीवास्तव द्वितीय को एसपी चमोली नियुक्त किया गया है।
देवेंद्र पींचा को एसएसपी पौड़ी और अर्पण यदुवंशी को एसएसपी नैनीताल बनाया गया है। विशाखा अशोक भदाणे को पुलिस मुख्यालय में एसपी की जिम्मेदारी दी गई है।
अजय गणपति कुमार को सेनानायक एसडीआरएफ बनाया गया है। सर्वेश पंवार को एसपी सुरक्षा एवं अभिसूचना मुख्यालय और जितेंद्र मेहरा को एसपी पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा सरिता डोबाल को एसएसपी टिहरी, हरीश वर्मा को सेनानायक 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर और सुरजीत पंवार को एसपी पुलिस मुख्यालय बनाया गया है। शहजहां जावेद खान को एसपी फायर सर्विस तथा जगदीश चंद्र को एसपी बागेश्वर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरकार के इस व्यापक फेरबदल को प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था में नई जिम्मेदारियों के साथ कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
