उत्तराखंड: चुनावी तैयारी में भाजपा, विधानसभा से लोकसभा तक विस्तारकों की तैनाती
उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अब बूथ से लेकर विधानसभा और लोकसभा स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी कड़ी में भाजपा ने प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर विस्तारकों की तैनाती की है। इसके साथ ही पांचों लोकसभा क्षेत्रों में भी विस्तारक संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। पार्टी की इस रणनीति को और धार देने के लिए 70 महिला विस्तारकों को भी जल्द ही विधानसभा क्षेत्रों में जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। वहीं, प्रदेश के 19 संगठनात्मक जिलों में प्रवासी प्रभारियों का भी नियोजन कर दिया गया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार के मुताबिक, इन सभी विस्तारकों को कार्यक्रमों के संचालन और कार्यकर्ताओं के बीच पहुंच बनाने के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि विस्तारकों से मिल रहे फीडबैक के आधार पर प्रदेश में भाजपा के पक्ष में सकारात्मक माहौल बना हुआ है।
कुंदन परिहार, प्रदेश महामंत्री, भाजपा।
