देहरादून: दून विश्वविद्यालय में जनगणना कार्य निदेशालय द्वारा ‘स्व-गणना (Self-Enumeration) शिविर’ का आयोजन
देहरादून। जनगणना-2027 के तहत डिजिटल स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गृह मंत्रालय, भारत सरकार के जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड की ओर से 26 नवंबर को दून विश्वविद्यालय में विशेष जागरूकता एवं सहायता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों और कर्मचारियों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई।
कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड की निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने प्रतिभागियों से संवाद करते हुए डिजिटल स्व-गणना की उपयोगिता और महत्व की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से तकनीक का अधिकाधिक उपयोग कर ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करने तथा आसपास के लोगों को भी इस अभियान के प्रति जागरूक करने की अपील की।
दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों के युवा समाज में डिजिटल जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से जनगणना-2027 के राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया और निदेशालय को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर उप निदेशक आर.के. बनवारी और निदेशालय की तकनीकी टीम ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना करने की पूरी प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन किया। टीम ने चरणबद्ध तरीके से जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई और मौके पर ही कई छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की स्व-गणना प्रक्रिया भी पूरी कराई।
शिविर के माध्यम से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और कर्मचारियों को डिजिटल स्व-गणना के प्रति जागरूक करने के साथ ही जनगणना-2027 में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
