April 6, 2026

देहरादून 02 नवंबर 2021,
रूद्रप्रयाग : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तल्ला नागपुर क्षेत्र में आयोजित पांच दिवसीय औद्योगिक विकास, कृषि एवं पर्यटन महोत्सव के अन्तिम दिवस पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणाओं में कहा कि, राजकीय इंटर कॉलेज चोपता में दो कक्ष निर्माण किया जायेगा। राष्ट्रीय गोल्ड पदक विजेता विचित्र सिंह नेगी को प्रतियोगिता में जाने हेतु 60 हजार रुपए की धनराशि सरकार की ओर से दी जायेगी। जल्द ही जखोली में सैनिक स्कूल का कार्य पूरा किया जाएगा, इसके लिए एक करोड़ की धनराशि जारी की गई है। फलासीछतोरा मोटर मार्ग का कार्य किया जाएगा। रुमसी भौंसाल चोपता मोटर मार्ग चैंड भूमिधार तक जोड़ने का कार्य किया जाएगा। श्री कार्तिक स्वामी धाम को मोटर मार्ग से जोड़ा जाएगा। तुंगेश्वर मंदिर प्रांगण का विस्तारीकरण किया जाएगा। लंमगौंडी देवरीमणीखाल सड़क का निर्माण कार्य किया जाएगा तथा छतोरा पुल सड़क मार्ग से जोड़ा जाएगा।
आदि गुरु शंकराचार्य सतेराखाल मंदिर को पर्यटन सर्किट से जोड़ने की कार्यवाही की जाएगी।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने तल्ला नागपुर क्षेत्र में आयोजित औद्योगिक विकास, कृषि एवं पर्यटन महोत्सव मेले के लिए पांच लाख रुपए देने की घोषणा की। वहीं मनरेगा कर्मी की वेतन शीघ्र रिलीज करने का भरोसा दिया।

कृषि मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने अपने संबोधन में पुष्कर सिंह धामी को युवा सोच का मुख्यमंत्री बताया। तथा मुख्यमंत्री द्वारा नौजवानों, सैनिकों, महिलाओं, दलितों व तीर्थ पुरोहितों के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने हेतु निरंतर प्रयासरत है। साथ ही किसानों के प्रति सरकार बेहद संवेदनशील है। कहा कि जनपद को पूर्व में ही जैविक घोषित किया जा चुका है। कृषि विभाग द्वारा कृषकों को रियायती दरों पर पॉली हाउस, खाद, बीज, कृषि यंत्र आदि उपकरण सब्सिडी की दर पर उपलब्ध किया जा रहा है। कृषि मंत्री ने कृषि विभाग की ओर से औद्योगिक विकास, कृषि एवं पर्यटन महोत्सव मेले को दो लाख रुपए देने की घोषणा की।

विधायक रुद्रप्रयाग भरत सिंह चैधरी ने मुख्यमंत्री को असीम संभावनाओं वाला राजनेता बताते हुए जनपद के अंतर्गत थाती बड़मा में निर्माणाधीन सैनिक स्कूल के निर्माण करने की मांग की।

कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अमरदेई शाह ने भी संबोधित किया। उन्होंने नागपुर क्षेत्र में पहली बार किसी मुख्यमंत्री आगमन पर धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भाजपा दिनेश उनियाल, पूर्व राज्यमंत्री अशोक खत्री, बाल संरक्षण आयोग के सदस्य वाचस्पति सेमवाल, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल, उपजिलाधिकारी श्रीमती अपर्णा ढौंडियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ग्रामीण एवं प्रतिभागी उपस्थित थे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.