जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, टीएमसी को अपनी हार दिखाई देने लगी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,
West Bengal, 11 April 2026,
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर तृणमूल कांग्रेस टीएमसी, भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, वामपंथी समेत अन्य पार्टियां चुनावी तैयारियों में जुट गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्य में चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे हैं। उन्होंने मुर्शिदाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए टीएमसी सहित सभी विपक्षी दलों की आलोचना करते हुए जमकर निशान साधा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने जनसभा में कहा,’ जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, टीएमसी को अपनी हार दिखाई देने लगी है।परिणामस्वरूप, आने वाले दिनों में वे साजिशों का सहारा लेंगे। हाल ही में असम में भी इसी तरह की चाल चली गई थी और पुडुचेरी में भी ऐसा ही हुआ। वे आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल फर्जी वीडियो बनाकर झूठ फैलाने की कोशिश करेंगे। हमें ऐसे झूठों का शिकार नहीं होना है।
प्रधानमंत्री मोदी ने बर्धमान की जनसभा में कहा कि, भाजपा की सरकार जल्द ही टीएमसी के भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था के संबंध में एक श्वेत पत्र जारी करेगी ताकि इनके हर भ्रष्ट विधायक या मंत्री को कानून के तहत पूरी तरह से जवाबदेह ठहराया जा सके। इसके अलावा, राजनीतिक हिंसा की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के एक रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में एक जांच आयोग का भी गठन किया जाएगा।
** बीजेपी के ‘संकल्प पत्र’ पर सीएम ममता बनर्जी ने कहा, “उन्होंने मैनिफेस्टो में यूनिफॉर्म सिविल कोड की बात की है। मैं इसका कड़ा विरोध करूंगी। आज वे बहुमत में हैं इसलिए वे बिल पास करेंगे। जब कल वे मेजोरिटी में नहीं होंगे, तो हम बिल वापस ले लेंगे। जब तक भारतीय जनता पार्टी केन्द्र में सरकार है, फ्री और फेयर चुनाव मुमकिन नहीं हैं।
**तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कई चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। टीएमसी उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित रैली से अभिषेक बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी असल में ‘जीरो वारंटी’ है, जबकि ममता बनर्जी का वादा ‘खांटी सोना’ यानी खरा सोना की तरह है।
भाजपा के चुनावी घोषणापत्र को अभिषेक ने केवल सब्जबाग दिखाने वाला कागज बताया। उन्होंने कहा कि टीएमसी की ’10 प्रतिज्ञाएं’ सौ प्रतिशत पूरी होंगी. अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार ने जान-बूझकर बंगाल का लाखों-करोड़ों रुपए का फंड रोक दिया है। अभिषेक बनर्जी ने मनरेगा का जिक्र करते हुए कहा कि, 100 दिन के काम की गारंटी देने वाली योजना मनरेगा, सभी को पक्का मकान देने का वादा करने वाली आवास योजना और जल जीवन मिशन के पैसे केंद्र ने नहीं दिये। लेकिन ममता बनर्जी ने अपने दम पर लोगों का बकाया चुकाया। अभिषेक ने कहा कि केंद्र से फंड मिले या न मिले, बंगाल में लक्ष्मी भंडार, स्वास्थ्य साथी और युवा साथी जैसी योजनाएं कभी बंद नहीं होंगी।
** वहीं पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने खुद को तृणमूल कांग्रेस टीएमसी और भाजपा के मुकाबले “तीसरे विकल्प” के रूप में पेश किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा जारी चुनावी घोषणापत्र में ‘पांच न्याय’ की अवधारणा के तहत मुख्य रूप से महिलाओं, युवाओं, किसानों और स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित किया गया है। महिलाओं के लिए ₹2,000 की मासिक वित्तीय सहायता और राज्य परिवहन की बसों में मुफ्त यात्रा का वादा किया गया है। स्नातकोत्तर स्तर तक सभी के लिए मुफ्त शिक्षा देने का संकल्प लिया गया है। रोजगार और युवा: सभी रिक्त सरकारी पदों को एक वर्ष के भीतर भरने या पहली कैबिनेट बैठक में प्रक्रिया शुरू करने का वादा किया गया है।
*बता दें कि पश्चिम बंगाल में इस महीने 2 चरण में चुनाव होंगे, जिसके लिए पहले 23 अप्रैल 2026 और फिर 29 अप्रैल 2026 को वोटिंग होगी. चुनाव के परिणाम 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे। इससे पहले साल 2021 में पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव हुए थे, जिसमें टीएमसी ने 213 सीटों पर भारी विजयी पाई थी. हालांकि, इस चुनाव में भाजपा के लिए बंगाल जैसे राज्य में 77 सीटों तक पहुंचना भी बड़ी बात थी. इस जीत ने टीएमसी के लिए कड़ा मुकाबला तैयार कर लिया है।
