कलाई-II जलविद्युत परियोजना को केंद्र की मंजूरी, 14,105 करोड़ का निवेश
ऋषिकेश: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने अरुणाचल प्रदेश में कलाई-II जलविद्युत परियोजना के निर्माण के लिए 14,105.83 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
यह परियोजना अरुणाचल प्रदेश के अंजॉ जिले में लोहित नदी पर विकसित की जाएगी, जिसकी अनुमानित निर्माण अवधि 78 महीने तय की गई है।
1200 मेगावाट की स्थापित क्षमता वाली इस परियोजना (6×190 मेगावाट और 1×60 मेगावाट) से प्रतिवर्ष लगभग 4852.95 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन होने की उम्मीद है। यह लोहित बेसिन की पहली जलविद्युत परियोजना होगी, जिससे राज्य में बिजली आपूर्ति मजबूत होगी और राष्ट्रीय ग्रिड को संतुलित करने में मदद मिलेगी।
परियोजना का क्रियान्वयन टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड और राज्य सरकार के संयुक्त उद्यम के माध्यम से किया जाएगा। केंद्र सरकार राज्य की इक्विटी हिस्सेदारी के लिए 750 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता के साथ-साथ सड़कों, पुलों और ट्रांसमिशन लाइनों के निर्माण के लिए 599.88 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता भी प्रदान करेगी।
इस परियोजना से राज्य को 12 प्रतिशत मुफ्त बिजली मिलेगी, जबकि 1 प्रतिशत बिजली स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (एलएडीएफ) के लिए निर्धारित की जाएगी। साथ ही नामसाई और अंजॉ जिलों में बुनियादी ढांचे का विकास होगा, जिसमें लगभग 29 किलोमीटर सड़क और पुल निर्माण शामिल है।
परियोजना से स्थानीय लोगों को रोजगार, मुआवजा और विभिन्न सामाजिक-आर्थिक लाभ मिलने की भी उम्मीद है, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को बढ़ावा मिलेगा।
