November 5, 2026

8 लाख स्कूली बच्चों से जुड़े सीएम धामी, ‘दिल की बात, अंकल धामी के साथ’ कार्यक्रम में दिया प्रेरक संदेश

Talk

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास से ‘दिल की बात, अंकल धामी के साथ’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के करीब 8 लाख स्कूली बच्चों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज की शुभकामनाएं देते हुए त्योहारों के सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व के बारे में बताया। उन्होंने बच्चों को स्वच्छता, सुरक्षा, शिक्षा, नैतिक मूल्यों और जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और उन्हें शिक्षा, संस्कृति तथा जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन देना है। कार्यक्रम से प्रदेश के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर शहरों और गांवों तक के लाखों विद्यार्थी एक साथ जुड़े।

मुख्यमंत्री धामी ने बच्चों से दीपावली के अवसर पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने और घर की साफ-सफाई में परिवार के सदस्यों का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने मिट्टी के दीये जलाने तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना के साथ स्थानीय कुम्हारों और कारीगरों के उत्पादों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। साथ ही पटाखों से दूर रहने और दीये जलाते समय बड़ों की देखरेख में सुरक्षा का ध्यान रखने की सलाह दी।

पढ़ाई के विषय में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को आगामी अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘विकल्प रहित संकल्प’ का अर्थ समझाते हुए बच्चों को अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहने, मेहनत करने और चुनौतियों से पीछे न हटने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में इस कार्यक्रम को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक डिजिटल तकनीक के माध्यम से और अधिक उपयोगी एवं संवादात्मक बनाया जाएगा, ताकि बच्चों की भागीदारी बढ़ाने के साथ उनकी जिज्ञासाओं और सुझावों को भी बेहतर तरीके से समझा जा सके।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले इस पहल के तहत प्रदेश के ढाई लाख से अधिक विद्यार्थियों ने निबंधों के माध्यम से उत्तराखंड के विकास को लेकर अपने विचार और सुझाव साझा किए थे। मुख्यमंत्री ने बच्चों के इस उत्साह और रचनात्मक भागीदारी को प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।

पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.