विधानसभा के अंतिम दिन काम रोको प्रस्ताव लाएगी कांग्रेस, धामी बोले- विपक्ष के पास मुद्दे नहीं
उत्तराखंड विधानसभा के भराड़ीसैंण स्थित सदन में सत्र के अंतिम दिन भी सियासी हलचल तेज है। कांग्रेस ने महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कराने के लिए काम रोको प्रस्ताव लाने की तैयारी की है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस नियम 310 के तहत काम रोको प्रस्ताव ला रही है। इसके साथ ही नियम 18 के अंतर्गत भी सूचनाएं दी गई हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि सदन सुचारू रूप से चले और अंतिम दिन जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण सवालों पर चर्चा हो, ताकि विपक्ष नियमों के तहत अपनी बात रख सके।
यशपाल आर्य, नेता प्रतिपक्ष
धामी का पलटवार, बोले- कांग्रेस का काम ही रोकना
कांग्रेस की इस तैयारी पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है और उसका काम ही हर काम को रोकना है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर देश में अराजक स्थिति पैदा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान धरना-प्रदर्शन कर व्यापारियों और आम जनता को परेशान किया जाता है।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री
विधानसभा सत्र के अंतिम दिन जहां कांग्रेस नियमों के तहत महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कराने की मांग कर रही है, वहीं मुख्यमंत्री ने विपक्ष की रणनीति पर सवाल उठाए हैं। अब सदन में काम रोको प्रस्ताव और अन्य सूचनाओं पर होने वाली कार्यवाही के बीच सत्ता पक्ष और विपक्ष के रुख पर नजर रहेगी।
