June 24, 2026

बुलेट सवार दंपती को डीसीएम ने मारी टक्कर, पति की मौत, पत्नी गंभीर, पिछले महीने हुई थी शादी

रुड़की के झबरेड़ा में बुलेट से जा रहे नवविवाहित पति-पत्नी को छोटे डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, जयकिशन (29) निवासी बेहड़की सैदाबाद अपनी पत्नी के साथ बुलेट से झबरेड़ा की ओर जा रहा था। जैसे ही वह साबतवाली स्थित गेट के पास पहुंचे तो तेज गति से जा रहे छोटे डीसीएम वाहन ने उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। जिससे दोनों पति-पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौका पाकर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घायलों की सूचना किसी राहगीर ने झबरेड़ा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सिविल अस्पताल रुड़की पहुंचाया। जहां पर चिकित्सको ने जयकिशन को मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि जयकिशन की पत्नी को करौंदी आरोग्यम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जहां पर उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। जय किशन की शादी पिछले माह 11 जुलाई को लक्सर क्षेत्र के महमदपुर गांव में हुई थी। इस बड़े हादसे की खबर सुनते हैी सिविल अस्पताल रुड़की में रिश्तेदारों की भीड़ जमा हो गई और परिवार में मातम छाया गया। झबरेड़ा पुलिस सीसीटीवी कैमरे की सहायता से वाहन चालक की तलाश कर रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक अजय सिंह का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.