October 22, 2026

खुद को न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म का संचालक बताकर अवैध वसूली कर रहे तथाकथित पत्रकार को दून पुलिस ने किया गिरफ्तार

Arrest

पटेलनगर क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी कारोबारी से कथित तौर पर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में दून पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद को एक न्यूज़ प्लेटफॉर्म का संचालक बताते हुए कारोबारी को प्रॉपर्टी से जुड़ी खबरें चलाकर बर्बाद करने की धमकी दी थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि धमकी से डरकर उसने आरोपी के बताए बैंक खाते में 50 हजार रुपये जमा करा दिए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की है।

खबर चलाने की धमकी देकर मांगे पांच लाख रुपये

पुलिस के मुताबिक, आजाद कॉलोनी माजरा निवासी तनवीर खान ने कोतवाली पटेलनगर में लिखित शिकायत दी। उन्होंने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से देहरादून में प्रॉपर्टी का कारोबार कर रहे हैं और वर्तमान में चांचक क्षेत्र की एक प्रॉपर्टी को लेकर कुछ लोगों से उनका विवाद चल रहा है।

शिकायत के अनुसार, घटना वाले दिन सुबह उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कई बार व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल नहीं उठा पाने के बाद संबंधित व्यक्ति ने उन्हें मैसेज भेजा और खुद को एक न्यूज़ प्लेटफॉर्म का संचालक बताते हुए प्रॉपर्टी के मामले में संपर्क करने की बात कही।

इसके बाद दोबारा हुई कॉल पर आरोपी ने कथित तौर पर प्रॉपर्टी से संबंधित खबरें अपने न्यूज़ चैनल पर चलाने, उन्हें परेशान करने और बर्बाद करने की धमकी दी। शिकायतकर्ता के अनुसार, खबरें नहीं चलाने के एवज में पांच लाख रुपये की मांग की गई।

खाते में जमा कराए 50 हजार रुपये

तनवीर खान ने पुलिस को बताया कि धमकी से डरकर उन्होंने आरोपी की ओर से उपलब्ध कराए गए एक्सिस बैंक के खाते में 50 हजार रुपये जमा करा दिए। यह खाता अनुज अग्रवाल के नाम पर बताया गया है।

शिकायत के मुताबिक, रकम जमा करने के बाद जब उन्होंने दोबारा संपर्क किया तो पूरी रकम नहीं देने पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और उन्हें देख लेने तथा बर्बाद करने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता ने पुलिस को व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट और बैंक खाते में रकम जमा करने का प्रमाण भी उपलब्ध कराया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा अपराध संख्या 773/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 308(4), 351(3) और 352 में अनुज अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

ISBT के पास से आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर मामले में साक्ष्य जुटाने और प्रभावी कार्रवाई के लिए टीम गठित की गई। जांच के दौरान शिकायतकर्ता से संपर्क करने वाले व्यक्ति की पहचान अनुज अग्रवाल के रूप में हुई। पुलिस को जानकारी मिली कि वह एक न्यूज़ प्लेटफॉर्म का संचालन करता है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में धोखाधड़ी, बलवा, मारपीट, अमानत में खयानत, गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई। वह थाना पटेलनगर का हिस्ट्रीशीटर भी बताया गया है।

पुलिस टीम ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 19 अक्टूबर 2026 की रात पटेलनगर क्षेत्र में आईएसबीटी के पास से आरोपी अनुज अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की गई।

डायरी में मिला मोबाइल छिपाने के लिए सीक्रेट चैंबर

पुलिस के मुताबिक, बरामद डायरी की जांच के दौरान उसमें मोबाइल फोन छिपाने के लिए बनाया गया एक सीक्रेट चैंबर मिला। पुलिस का दावा है कि आरोपी इस चैंबर में मोबाइल छिपाकर गोपनीय तरीके से लोगों के वीडियो बनाता था।

आरोपी के मोबाइल फोन से कई व्यक्तियों के कथित तौर पर गोपनीय रूप से बनाए गए वीडियो भी मिले हैं। पुलिस इन वीडियो की जांच कर रही है। जांच के बाद ही इन वीडियो से जुड़े तथ्यों और संभावित अन्य मामलों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान: अनुज अग्रवाल पुत्र स्वर्गीय आरएल अग्रवाल, मूल निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश और वर्तमान निवासी 129, द्वारिकापुरी, थाना क्लेमेंट टाउन, देहरादून, उम्र 46 वर्ष।

पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.