September 8, 2026

आकांक्षा नेगी की गिरफ्तारी की मांग तेज, भाजपा नेता कुंवर जपेंद्र सिंह पंजाबी-सिख समाज के साथ अनशन पर

strike

कांग्रेस नेत्री आकांक्षा नेगी के कथित बयान को लेकर उनकी गिरफ्तारी की मांग लगातार तेज होती जा रही है। लोगों की ओर से पुलिस को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिए जाने के बावजूद समय सीमा पूरी होने तक गिरफ्तारी नहीं होने पर अब भाजपा नेता कुंवर जपेंद्र सिंह पंजाबी और सिख समाज के लोगों के साथ अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ गए हैं।

अनशन पर बैठे भाजपा नेता कुंवर जपेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि आकांक्षा नेगी ने कुछ कांग्रेस के बड़े नेताओं के कहने पर कथित रूप से आपत्तिजनक बयान दिया, जिससे पंजाबी समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि पंजाबी समाज का देश के इतिहास में गौरवशाली योगदान रहा है और समाज ने विभिन्न दौर में देश के लिए संघर्ष किया है।

उन्होंने कहा कि पंजाबी समाज ने सदियों से आक्रांताओं का मुकाबला किया और विभाजन के दौरान भी भारी पीड़ा और विस्थापन का दंश झेला। ऐसे समाज को अपमानित करने का अधिकार किसी को नहीं है।

भाजपा नेता ने कहा कि मामले में पुलिस को 48 घंटे का समय दिया गया था, लेकिन समय पूरा होने के बावजूद अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई। इसी के विरोध में उन्होंने पंजाबी एवं सिख समाज के लोगों के साथ अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया है।

कुंवर जपेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि जब तक आकांक्षा नेगी की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

मामले को लेकर देहरादून में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी माहौल गरमाता नजर आ रहा है। अब सभी की नजर पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी है।

कुंवर जपेंद्र सिंह, भाजपा नेता

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.