सीमांत क्षेत्रों पर धामी सरकार का फोकस, बनबसा में होगी कैबिनेट बैठक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का कामकाज सिर्फ देहरादून तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उत्तराखंड के हर क्षेत्र तक सरकार की पहुंच होनी चाहिए। इसी सोच के साथ राज्य सरकार सीमांत, जनजातीय, कमजोर और वाइब्रेंट विलेज क्षेत्रों पर विशेष फोकस कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी दिशा में बनबसा में कैबिनेट बैठक प्रस्तावित की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर वहां की जरूरतों और स्थानीय समस्याओं को समझने का प्रयास कर रही है, ताकि क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति दी जा सके।
सीएम धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के सभी क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। खासतौर पर सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक शासन की योजनाओं और सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
बनबसा में होगा जनजातीय महोत्सव
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार राज्य का जनजातीय महोत्सव देहरादून के बजाय बनबसा में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बनबसा क्षेत्र में थारू, बुक्सा और भोटिया समेत विभिन्न जनजातीय समुदायों की मौजूदगी है।
उन्होंने कहा कि महोत्सव के दौरान जौनसार और राजी क्षेत्र के लोगों समेत विभिन्न जनजातीय समुदायों का समागम होगा। इससे अलग-अलग समुदायों को अपनी संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत को साझा करने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक, बनबसा में महोत्सव आयोजित होने से स्थानीय लोगों में भी उत्साह बढ़ेगा।
सीएम धामी ने कहा कि सरकार प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर वहां की परिस्थितियों और लोगों की जरूरतों को समझते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है। सरकार की कोशिश है कि राज्य के किसी भी हिस्से को विकास और शासन की पहुंच से दूर न रहना पड़े।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड
