लक्सर में डबल मर्डर से सनसनी, दो साधुओं के शव जंगल में गड्ढे से बरामद
हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र से एक सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है। पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में रहने वाले दो साधुओं की कथित हत्या कर उनके शव मंदिर के पास जंगल में गड्ढा खोदकर दबा दिए गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और दोनों शव बरामद किए। मामले में मंदिर के मुख्य पुजारी पर संदेह जताया जा रहा है, जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मंदिर के एक सेवादार ने पुलिस को दो साधुओं के लापता होने और उनकी हत्या की आशंका की सूचना दी। सूचना मिलते ही पथरी थाना प्रभारी रविंद्र चौधरी पुलिस बल और एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मंदिर के समीप जंगल में खुदाई कराई गई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों साधुओं की हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उनके शवों को जंगल में गड्ढा खोदकर दबा दिया गया था। घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि हत्या की परिस्थितियों और आरोपियों की भूमिका का पता लगाया जा सके।
पुलिस को मंदिर के मुख्य पुजारी अखिल गिरी पर संदेह है, जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इसके अलावा पुलिस अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों की गहन जांच में जुटी है।
दो साधुओं की हत्या की इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर दहशत और आक्रोश है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा फोरेंसिक जांच के आधार पर जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
शेखर चंद्र सुयाल (एसपी देहात)
