नशा एक साइलेंट वार है, इसका निशाना हमारी युवा शक्ति है। नशे की चपेट में आए युवाओं का वहां से लौटना बहुत मुश्किल हो जाता है: मुख्यमंत्री धामी
Uttrakhand 12 April 2026,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हल्द्वानी में एमबी इंटर कॉलेज मैदान से नशामुक्त उत्तराखण्ड अभियान के तहत आयोजित ‘रन फॉर अवेयरनेस’ रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की यह दौड़ मात्र शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि एक स्वस्थ, समृद्ध और नशे से मुक्त उत्तराखण्ड के संकल्प की दौड़ है। यह संदेश पूरे प्रदेश में जाना चाहिए कि उत्तराखण्ड का युवा अब नशे को ‘ना’ कह रहा है और जीवन को ‘हाँ’ कह रहा है। उन्होंने कहा कि नशा एक “साइलेंट वार” की तरह फैल रहा है और इसका सबसे बड़ा निशाना हमारी युवा शक्ति है। मजाक-मजाक में युवा नशे की चपेट में आ जाते हैं और वहां से लौटना बहुत मुश्किल हो जाता है। यह न सिर्फ व्यक्ति,नशा मुक्ति अभियान की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए बल्कि पूरे परिवार की खुशियों को संकट में डाल देता है।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा, श्री मोदी द्वारा 2020 में शुरू किए गए ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ की शुरुआत की गई थी। इससे प्रेरणा लेकर राज्य सरकार मिशन मोड में काम कर रही है। वर्ष 2022 में गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा सैकड़ों आरोपियों की गिरफ्तारी और बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी की गई है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के साथ ही एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी (एटीेेएफ) केंद्रों का संचालन किया जा रहा है। सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में भी एटीएफ केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए ‘दगड़िया क्लब’ बनाए गए हैं, जो युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि नशे के विरुद्ध यह लड़ाई केवल कानून बनाने से नहीं जीती जा सकती, इसके लिए समाज की जागरूकता और युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। हम सभी संकल्प लें कि स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने मित्रों व समाज को भी जागरूक करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि औपचारिकता से नहीं, बल्कि दृढ़ संकल्प से ही हम ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड’ के लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, मेयर हल्द्वानी गजराज सिंह बिष्ट, डॉ. स्वामी रामेश्वरम हरि जी, आरएसएस संपर्क प्रमुख उत्तर क्षेत्र डॉ. हरीश रौतेला, श्याम अग्रवाल, किसान आयोग के उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नामधारी, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, भारत भूषण, डॉ. अशोक पाल, शंकर कोरंगा, शांति महरा, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, रेनू अधिकारी, ध्रुव रौतेला, सुरेश भट्ट, पूर्व मेयर योगेंद्र सिंह रौतेला सहित आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत, डीएम ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी सी क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
