June 24, 2026

बहन के साथ जा रही महिला टीवी एंकर से नशे में धुत युवकों ने की छेड़छाड़, मारपीट भी की

 

कार में अपनी बहन के साथ रुड़की जा रही एक टीवी चैनल की एंकर और उनकी बहन के साथ शराब के नशे में धुत दो युवकों ने छेड़खानी कर दी। उन्होंने हाईवे पर गांव अमानतगढ़ के पास कार के आगे बाइक लगाकर रोक लिया।बताया जा रहा है कि विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की और दोनों बहनों के कपड़े फाड़ दिए। बुग्गावाला पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

 

जानकारी के अनुसार, घटना रविवार देर रात की है। देहरादून निवासी एक टीवी चैनल की महिला एंकर अपनी बहन के साथ रुड़की स्थित मायके के लिए कार से लौट रही थी। अंबाला-देहरादून हाईवे पर डाट काली मंदिर से बाइक पर सवार दो युवक उनके पीछे लग गए। आरोपियों ने सीटियां मारी और अश्लील फब्बितयां कसीं। आरोपी दोनों बहनों की वीडियो बनाने लगे। इसके बाद पूरे रास्ते आरोपी पीछे लगे रहे। दोनों बहनों ने कई बार आरोपियों का विरोध किया, लेकिन वह नहीं माने। दोनों युवक शराब के नशे में धुत थे। हाईवे पर जब गांव अमानतगढ़ के पास पहुंची तो आरोपियों ने कार के आगे बाइक लगाकर उन्हें रोक लिया और अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट करते हुए कपड़े भी फाड़ दिए। इसके साथ ही हंगामा करते हुए कार के शीशे तोड़ दिए। इस दौरान वहां भीड़ जुट गई।

 

बाद में उन्होंने बुग्गावाला पुलिस चेकपोस्ट में पुलिसकर्मियों को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया था। सोमवार को पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने अपना नाम अर्जुन और शिवम निवासी गांव इस्माइलपुर बताया। बुग्गावाला थाना प्रभारी मनोज शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.