विपक्षी दलों के हंगामे के चलते दोनों सदनों की कार्यवाही 9 फरवरी को दिन में 11 बजे तक के लिए स्थगित हुई,
Delhi 06 February 2026,
लोकसभा में आज बजट सत्र के आठवें दिन भी हंगामेदार शुरुआत हुई। लोकसभा में प्रश्नकाल शुरू होते ही विपक्षी सदस्य पोस्टर लहराते हुए वेल में आ गए। स्पीकर ओम बिरला ने नाराजगी जताते हुए कहा कि आप गतिरोध उत्पन्न करना चाहते हैं, गरिमा नहीं रखना चाहते, तो ऐसा सदन मैं नहीं चला सकता। स्पीकर ने इसके बाद कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी।
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दलों ने विभिन्न मुद्दों पर नारेबाजी शुरू कर दी। मुख्य रूप से प्रधानमंत्री की सुरक्षा पर स्पीकर के पिछले बयान, महंगाई और बेरोजगारी जैसे विषयों पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्षी सांसद वेल तक पहुंच गए। शोर-शराबे और तख्तियों के प्रदर्शन के कारण लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की मर्यादा का हवाला देते हुए हंगामे पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सदन चर्चा के लिए है, न कि व्यवधान के लिए।
इसके बाद सदन को सोमवार, 9 फरवरी तक स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
वहीं राज्यसभा में कार्यवाही की आज शांतिपूर्ण शुरुआत हुई है। शून्यकाल के दौरान सदस्य जनहित से जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं। राज्यसभा में कई सदस्यों ने अलग-अलग विषयों पर प्राइवेट मेंबर्स बिल पेश किए। कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने सभा की सहमति से सदन की कार्यवाही स्थगित करने की डिमांड की। उपसभापति हरिवंश ने इस पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू से उनकी राय जाननी चाही। किरेन रिजिजू ने भी जयराम रमेश के प्रस्ताव से सहमति जताई। इसके बाद सभा की सहमति से उपसभापति ने कार्यवाही 9 फरवरी को दिन में 11 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी।
