September 26, 2026

सेवा संकल्प अभियान में बोले गणेश जोशी- किसान और विद्यार्थी देश की प्रगति के आधार

Ganesh Joshi

राजकीय इंटर कॉलेज, किशनपुर में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में उन्होंने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए सेवा को समाज के प्रति जिम्मेदारी और समर्पण का भाव बताया।

किसान कल्याण पर सरकार का फोकस

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनकल्याण, गरीबों के जीवन में सुधार, किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को अवसर देने और महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। इसके अलावा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना जैसी योजनाओं का लाभ भी उत्तराखंड के किसानों को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड मूल रूप से कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ा प्रदेश है। सरकार का प्रयास है कि किसान केवल उत्पादन तक सीमित न रहें, बल्कि उत्पादन से लेकर प्रसंस्करण, पैकेजिंग और बाजार तक की पूरी श्रृंखला से जुड़ें।

पहाड़ की खेती में रोजगार की संभावनाएं

गणेश जोशी ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में फल, सब्जी, मसाले, औषधीय और सुगंधित पौधों की व्यापक संभावनाएं हैं। इन्हें रोजगार और आय के अवसरों में बदलना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि किसान और विद्यार्थी दोनों देश की प्रगति के आधार हैं। कृषि क्षेत्र में डिजिटल तकनीक, ड्रोन, मृदा परीक्षण और वैज्ञानिक खेती का महत्व लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में युवाओं को कृषि को विज्ञान, तकनीक और उद्यमिता के क्षेत्र के रूप में देखना चाहिए।

जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, जन-धन योजना और पीएम विश्वकर्मा योजना जैसी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करना भी सेवा का ही एक रूप है।

सैनिकों और वीर नारियों के कल्याण पर जोर

सैनिक कल्याण की चर्चा करते हुए गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड वीरभूमि है और प्रदेश के हजारों परिवारों का संबंध सेना से है। सैनिकों, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों का कल्याण सरकार की विशेष जिम्मेदारी है। इसके लिए जिला स्तर पर सैनिक कल्याण कार्यालयों के माध्यम से विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी सैनिकों और वीर नारियों को नमन किया।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि विद्यार्थी ही विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के निर्माता हैं। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में खेल सामग्री उपलब्ध कराने और टिन शेड निर्माण की घोषणा भी की।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.