आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडेय ने चारधाम यात्रा की तैयारियों अधिकारियों को दिए निर्देश,
Dehradun 17 January 2026,
उत्तराखंड की प्रसिद्ध धार्मिक चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाए जाने के लिए उत्तराखंड सरकार सक्रिय हो गई है। आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडेय ने शनिवार को ऋषिकेश स्थित चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप में चारधाम यात्रा की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों तथा विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में गढ़वाल आयुक्त ने चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाए जाने के उद्देश्य से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। चारधाम यात्रा 2026 की इस प्रथम समीक्षा बैठक में गत वर्ष की यात्रा के दौरान सामने आई समस्याओं एवं अनुभवों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही श्री केदारनाथ, श्री बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री एवं श्री हेमकुंड साहिब की आगामी यात्रा को सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित करने हेतु कार्ययोजना पर चर्चा की गई। गढ़वाल आयुक्त ने बताया कि विगत यात्रा सीजन में 50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा की तथा सभी के सहयोग से यात्रा का सफल संचालन किया गया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष यात्रा को और अधिक सुगम एवं सरल बनाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिलों की मांग के अनुरूप शीघ्र ही बजट उपलब्ध कराया जाएगा।
गढ़वाल आयुक्त ने निर्देश दिए कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व चारों धामों एवं यात्रा मार्गों पर पेयजल, चिकित्सा, परिवहन, खाद्यान्न, पुलिस, सफाई, विद्युत, दूरसंचार, हेली सेवा तथा आपदा नियंत्रण कक्षों को 24 घंटे क्रियाशील रखने की समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने यात्रा मार्ग के सभी होटल एवं जीएमवीएन गेस्ट हाउसों में यात्रियों के ठहरने की समुचित व्यवस्था, होल्डिंग प्वाइंट एवं पार्किंग स्थलों की क्षमता विकसित करने तथा स्टेकहोल्डर्स के साथ पृथक बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए। चारधाम यात्रा से संबंधित नितांत आवश्यक कार्यों के प्रस्ताव तत्काल आंगणन सहित उपलब्ध कराने तथा जिलाधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा कार्यों की स्वयं निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। किसी भी समस्या की स्थिति में त्वरित समाधान हेतु आपसी समन्वय एवं सीधे संपर्क बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के दौरान हरिद्वार, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग एवं चमोली जनपदों में यात्रा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति एस. भदौरिया, जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल निकिता खण्डेलवाल, जिलाधिकारी उत्तरकाशी प्रशांत आर्या, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन, जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार, मुख्य विकास अधिकारी देहरादून अभिनव शाह, एसएसपी हरिद्वार पी.एस. डोभाल, एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार, एसपी टिहरी टी.आर. जोशी, एसपी चमोली सुरजीत सिंह पंवार, अपर आयुक्त उत्तम सिंह चौहान, एमडी जीएमवीएन विशाल मिश्रा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
