June 23, 2026

आधा देहरादून झमाझम बारिश तो आधा पसीने से तर

दून में बुधवार को आधे शहर में बारिश हुई तो आधा शहर सूखा रहा और उमस से लोग परेशान रहे। दून में गुरुवार को भी आंशिक बादल छाए रहने और हल्की बौछारें पड़ने के आसार हैं। दून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में अगले तीन-चार दिन वर्षा के आसार बन रहे हैं। जिससे तापमान में भी दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है।

उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदल ली है। पहाड़ से मैदान तक बादल मंडरा रहे हैं और कहीं-कहीं झमाझम बारिश हुई है। खासकर पिथौरागढ़ में हुई भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। प्रदेशभर में इधर, देहरादून में भी दोपहर बाद कहीं-कहीं झमाझम वर्षा हुई।

ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में उमसभरी गर्मी ने दिनभर बेहाल किया। हालांकि, तापमान में 24 घंटे के भीतर करीब दो डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई है। पहाड़ों में आंशिक बादल छाये रहने के साथ ही वर्षा के आसार बने रहे। दून में सुबह से धूप खिली रहने के बाद दोपहर में बादल मंडराने लगे। करीब दो बजे राजपुर रोड, सहस्रधारा रोड, रायपुर, रिस्पना, मालसी, गढ़ी कैंट से सटे क्षेत्रों में जोरदार वर्षा हुई।

घंटाघर समेत आसपास के क्षेत्रों में भी झमाझम बारिश दर्ज की गई। जबकि, पटेलनगर, कारगी, माजरा, सुभाषनगर, आइएसबीटी क्षेत्र, जीएमएस रोड, शिमला बाईपास रोड आदि क्षेत्रों में देर शाम तक भी वर्षा का इंतजार होता रहा और उमस ने पसीने छुटाए।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने और तीव्र वर्षा के दौर होने की आशंका है। जिसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। नैनीताल, बागेश्वर, चमोली व पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। गढ़वाल क्षेत्र के उत्तरकाशी, चमोली व रुद्रप्रयाग में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने व वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने और झोंकेदार हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है। अगले तीन-चार दिन मौसम का मिजाज इसी प्रकार का बना रहने का अनुमान है। चारधाम और आसपास के क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.