लंढौरा में 7 करोड़ की लागत से बने 30 बेड के अस्पताल का हुआ हैंडओवर, जल्द शुरू होगी ओपीडी
लंढौरा क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर राहत भरी खबर है। करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार 30 बेड का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अब स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर कर दिया गया है। अस्पताल के शुरू होने से लंढौरा नगर पंचायत सहित आसपास के करीब दर्जनभर गांवों की 50 हजार से अधिक आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने अस्पताल का निरीक्षण कर अधिकारियों को जल्द से जल्द स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए भवन में पुरानी सीएचसी को शिफ्ट कर स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं।
बताया गया कि अस्पताल भवन का निर्माण वर्ष 2021 में शुरू हुआ था और इसे वर्ष 2025 तक पूरा किया जाना था। हाल ही में भवन को स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर किया गया है। अब अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
वहीं खानपुर विधायक उमेश कुमार ने बताया कि अस्पताल का हैंडओवर 15 अगस्त को प्राप्त हो चुका है। उनकी प्राथमिकता जल्द से जल्द अस्पताल में ओपीडी शुरू कराने की है। उन्होंने कहा कि नए स्टाफ के आवंटन में करीब एक माह का समय लग सकता है। ऐसे में तब तक मौजूदा स्वास्थ्यकर्मियों के माध्यम से ओपीडी संचालित करने की योजना है।
अस्पताल के शुरू होने के बाद लंढौरा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सामान्य उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। आने वाले समय में अस्पताल में ईसीजी, एक्स-रे, लैब जांच और जच्चा-बच्चा केंद्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी तैयारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की जरूरत महसूस की जा रही थी। 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के संचालन से क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही ग्रामीण आबादी को समय पर उपचार की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
सुबोध उनियाल (स्वास्थ्य मंत्री उत्तराखंड)
उमेश कुमार (विधायक खानपुर)
