September 24, 2026

सैन्य धाम से जुड़े सभी लंबित कार्य 15 दिन में पूरे करने के निर्देश, सैनिक विश्राम गृहों के लिए ₹15 करोड़

Meeting

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून के हाथीबड़कला स्थित कैंप कार्यालय में सैनिक कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सैन्य धाम से जुड़े लंबित कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को सभी शेष कार्य अगले 15 दिनों के भीतर प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि सैन्य धाम उत्तराखंड के वीर सैनिकों, शहीदों और उनके परिजनों के सम्मान एवं गौरव का प्रतीक है। ऐसे में इसके लोकार्पण से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण और अन्य व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

धारचूला और माणा से निकलेगी सैन्य धाम यात्रा

गणेश जोशी ने बताया कि सैन्य धाम के लोकार्पण के अवसर पर प्रदेश के दोनों मंडलों से ‘सैन्य धाम यात्रा’ निकाली जाएगी। कुमाऊं मंडल में यात्रा का शुभारंभ सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के धारचूला से होगा, जबकि गढ़वाल मंडल में यात्रा माणा से शुरू की जाएगी।

दोनों यात्राएं विभिन्न पड़ावों से होकर सैन्य धाम पहुंचेंगी। मंत्री ने कहा कि इन यात्राओं के माध्यम से प्रदेश के वीर सैनिकों और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही युवाओं में राष्ट्रसेवा और सैन्य परंपरा के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

सैनिक विश्राम गृहों के लिए ₹15 करोड़ की अनुपूरक धनराशि

समीक्षा बैठक में सैनिक कल्याण मंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी सैनिक विश्राम गृहों के जीर्णोद्धार के लिए ₹15 करोड़ की अनुपूरक धनराशि उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सैनिक विश्राम गृहों के जीर्णोद्धार और वहां आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए।

गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड को देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि के रूप में भी जाना जाता है। प्रदेश के हजारों परिवारों का भारतीय सेना से गौरवपूर्ण जुड़ाव रहा है। सैन्य धाम के माध्यम से उत्तराखंड के वीर सैनिकों और शहीदों की वीरगाथाओं, त्याग और बलिदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों से सैन्य धाम और सैनिक कल्याण से जुड़े सभी कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि निर्धारित कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.