फूलों की खुशबू से महकेगा लोकभवन, 27 फरवरी से एक मार्च तक होगा वसंतोत्सव
लोक भवन में इस वर्ष वसंतोत्सव 27 फरवरी से एक मार्च तक आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में सोमवार को लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। राज्यपाल ने घोषणा की कि इस साल प्रगतिशील किसान, महिला एवं युवा स्टार्टअप को विशेष पुरस्कार दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कि वसंतोत्सव के दौरान आईएचएम, जीएमवीएन और राज्य की महिला स्वयं सहायता समूहों के सहयोग से फूड कोर्ट स्थापित किए जाएं, जो पारंपरिक मोटे अनाज (मिलेट) की थीम पर आधारित हो। वसंतोत्सव के माध्यम से विशेष रूप से शहद उत्पादन को प्रोत्साहन दिया जाएगा। घोषणा की गई कि इस वर्ष से वसंतोत्सव के अवसर पर प्रगतिशील किसान, महिला एवं युवा स्टार्टअप को राज्यपाल विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि पुष्प-प्रदर्शनी में 15 विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें 165 पुरस्कार दिए जाएंगे। वसंतोत्सव में आईटीबीपी, आईएमए, पीएसी, पाइप बैंड और होमगार्ड द्वारा आकर्षक बैंड के माध्यम से प्रस्तुतियां दी जाएंगी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
-एनआईवीएच और निरामया योग ग्राम की ओर से योगा प्रदर्शन के अलावा जूडो और मार्शल आर्ट से संबंधित प्रदर्शन भी होंगे
– वसंतोत्सव में पांच वर्ष से 18 वर्ष आयु वर्ग के सभी स्कूली बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में विभिन्न अनाथालयों में रहने वाले बच्चों, दिव्यांग बच्चों तथा रैग पिकर्स बच्चों को भी शामिल किया जाएगा।
-पुष्प-प्रदर्शनी, प्रतियोगिता के लिए विभिन्न श्रेणियों कट फ्लावर, पॉटेड प्लांट अरेंजमेंट, लूज फ्लावर अरेंजमेंट, हैंगिंग पॉट्स जैसी प्रतियोगिताओं के साथ-साथ ऑन द स्पॉट फोटोग्राफी भी आयोजित होगी।
