मंत्री गणेश जोशी ने राजपुर में 26.23 लाख के विकास कार्यों का किया लोकार्पण
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड संख्या-04 राजपुर में विधायक निधि से निर्मित दो विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। इन कार्यों पर कुल 26.23 लाख रुपये की धनराशि खर्च की गई है। इनमें काठबंगला भाग-2 में 13.23 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन और ढाकपट्टी में लगभग 13 लाख रुपये की लागत से बनी सड़क शामिल है।
लोकार्पण के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। आमजन की जरूरतों के अनुरूप मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने और विकास कार्यों को लगातार गति देने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि काठबंगला भाग-2 में सामुदायिक भवन बनने से स्थानीय लोगों को सामाजिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। वहीं, ढाकपट्टी में सड़क निर्माण से क्षेत्रवासियों का आवागमन सुगम होगा और उन्हें सुविधा मिलेगी।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि क्षेत्र में जनसुविधाओं के विस्तार के लिए विकास कार्य आगे भी जारी रहेंगे। सरकार का प्रयास है कि स्थानीय लोगों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्रवासियों को दुर्गा अष्टमी की बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।
