June 24, 2026

गुलदार के जबड़े से अपने लाडले को छुड़ा लाई मां, आंगन में खेल रहा था चार का साल मासूम

टिहरी जिले के प्रतापनगर ब्लॉक में भदूरा पट्टी के ओनाल गांव में सोमवार रात को एक गुलदार ने आंगन में खेल रहे बच्चे को दबोच लिया। यह देख बच्चे की मां साहस दिखाते हुए गुलदार से भिड़ गई और उसकी जान बचा ली। बच्चे के सिर व कान में गहरे घाव हैं, उसे प्राथमिक उपचार के बाद ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया गया है।

प्रतापनगर के लोगों को गुलदार के खौफ से निजात नहीं मिल पा रही है। वहां आए दिन गुलदार के हमलों से ग्रामीणों का जीना मुश्किल हो गया है। ओनाल गांव के पूर्व प्रधान दलवीर सिंह राणा ने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे धनवीर सिंह का चार वर्षीय बेटा गणेश अपनी मां के साथ आंगन में खेल रहा था।

बच्चे के सिर और कान पर गहरे घाव
तभी घात लगाए बैठे गुलदार ने मौका पाकर गणेश पर हमला कर दिया। यह देख मां अंगूरी देवी साहस कर गुलदार से भिड़ गई और अपने जिगर के टुकड़े को बचा लिया। परिवार के सदस्यों ने भी शोर मचा दिया, जिससे गुलदार बच्चे को छोड़कर भाग गया। गुलदार के हमले से बच्चे के सिर और कान पर गहरे घाव हो गए। परिजन उसे लेकर सीएचसी चौंड पहुंचे।

वहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल फिर एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।रेंजर हर्षराम उनियाल ने कहा कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को भेज दिया गया है। घायल बच्चे के उपचार के लिए परिजनों को आर्थिक मदद दी जा रही है। घटनास्थल के पास शीघ्र ट्रैप कैमरे लगाए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों को अकेले नहीं छोड़ने की अपील की है

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.