विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समयबद्ध पूरा हों योजनाएं: राम सिंह कैड़ा
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने देहरादून में शहरी विकास विभाग, जलागम प्रबंधन विभाग एवं पर्यावरण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंत्री ने जनहित से जुड़े कार्यों को गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचना चाहिए और कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
पेयजल, सीवरेज और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
शहरी विकास विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने शहरों में पेयजल वितरण, सीवरेज लाइन, स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाए, ताकि लंबे समय तक निर्माण कार्यों के कारण जनता को असुविधा न हो।
जल स्रोतों के पुनरुद्धार पर जोर
जलागम प्रबंधन विभाग को जल संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों में जल स्रोतों के पुनरुद्धार के लिए ठोस कदम उठाने को कहा गया। मंत्री ने जल संरक्षण की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।
पौधरोपण और प्लास्टिक उन्मूलन अभियान तेज हों
पर्यावरण विभाग की समीक्षा करते हुए कैड़ा ने विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पौधरोपण और प्लास्टिक उन्मूलन अभियानों को गति देने तथा प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
मंत्री ने सभी विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने और बजट का शत-प्रतिशत एवं पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
