June 24, 2026

उत्तराखंड में विकसित होंगी नई टाउनशिप, गढ़वाल व कुमाऊं में भूमि चिह्निकरण के निर्देश

 

उत्तराखंड में आवास की बढ़ती समस्या को देखते हुए सरकार ने नई टाउनशिप विकसित करने का फैसला किया है। शहरी विकास एवं आवास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने इसके लिए प्रदेश के दोनों मंडल (गढ़वाल व कुमाऊं) में भूमि चिह्निकरण के निर्देश दिए हैं। साथ ही श्रीनगर गढ़वाल के बेलकेदार व बेलकंडी मार्ग से सटे क्षेत्र में नवीन टाउनशिप विकसित करने की सैद्धांतिक सहमति प्रदान की गई है।

 

 

 

प्रदेश में आवास की बढ़ती समस्या को देखते हुए सरकार नई टाउनशिप को विकसित करने की योजना बना रही है। शहरी विकास एवं आवास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने इसके लिए प्रदेश के दोनों मंडल (गढ़वाल व कुमाऊं) में भूमि चिह्निकरण के निर्देश दिए हैं।

 

इसके साथ ही मंत्री ने उत्तराखंड आवास एवं नगर विकास प्राधिकरण (उडा) और उत्तराखंड आवास एवं विकास परिषद की ओर से श्रीनगर गढ़वाल के बेलकेदार व बेलकंडी मार्ग से सटे क्षेत्र में नवीन टाउनशिप विकसित करने की सैद्धांतिक सहमति भी प्रदान की। मंत्री ने राज्यस्तर पर आवास की मांग का सर्वेक्षण करने के निर्देश भी दिए।

 

शुक्रवार को उत्तराखंड आवास एवं नगर विकास प्राधिकरण की 19वीं जबकि उत्तराखंड आवास एवं विकास परिषद की 14वीं बोर्ड बैठक डिस्पेंसरी रोड स्थित कार्यालय में शहरी विकास एवं आवास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई। पिछली बोर्ड बैठकों के निर्णयों के अनुपालन के साथ वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट पर भी मंथन हुआ।

 

नई आवासीय कालोनियों के निर्माण और आमजन को सुगमता से आवास उपलब्ध कराने के एजेंडे पर शहरी विकास मंत्री अग्रवाल का जोर रहा। उन्होंने कहा कि निम्न वर्ग के साथ-साथ उच्च व मध्यम वर्ग की आवास समस्या पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है।

मंत्री ने राज्य स्तर पर आवास मांग का विस्तृत रूप से सर्वेक्षण करने व नई परियोजनाओं के निर्माण का निर्देश दिया। बैठक में आवास एवं विकास परिषद में फसाड नीति-2019 लागू करने की स्वीकृति भी दी गई।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.