February 26, 2026

चम्पावत को प्रमुख पर्यटन एवं सांस्कृतिक केंद्र बनाने का संकल्प, युवाओं व महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर- सतपाल महाराज

प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई, लघु सिंचाई, पंचायती राज, जलागम एवं ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने उत्तराखण्ड सरकार ने चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव 2026 के भव्य समापन समारोह में प्रतिभाग कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई, लघु सिंचाई, पंचायती राज, जलागम एवं ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया तथा विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद स्थापित किया। उन्होंने समूहों द्वारा तैयार किए गए स्थानीय उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि यह महोत्सव महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सशक्त मंच सिद्ध हो रहा है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि चम्पावत को प्रमुख पर्यटन एवं सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करना राज्य सरकार का लक्ष्य है, जिससे स्थानीय युवाओं एवं महिलाओं को अधिकाधिक रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन स्थानीय उत्पादों, लोक संस्कृति और पारंपरिक कला को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में सहायक होते हैं।

सांस्कृतिक संध्या में भाव राग ताल नाट्य अकादमी, पिथौरागढ़ द्वारा प्रस्तुत हिल जात्रा की मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और कुमाऊँनी लोकसंस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत की।

लोकप्रिय गायक कमलजीत ढकरियाल ने “घर छू मेरो उत्तराखंड मा” सहित कुमाऊँनी एवं नेपाली सुपरहिट गीतों की प्रस्तुति देकर पूरे पंडाल को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं शुभम तिलकधारी की मधुर प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। समारोह में पंजाबी सुपरस्टार जस्सी गिल एवं बब्बल राय ने अपने सुपरहिट गीतों से समां बाँध दिया। “पग बाँध गया घुँघरू”, “धीरे-धीरे मेरी जिंदगी में आना”, “दिल जिंदा टूटता” और “बापू जमींदार” जैसे लोकप्रिय गीतों पर हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों ने देर रात तक डांस किया। पूरा चम्पावत उत्साह और उमंग से सराबोर दिखाई दिया।

इस अवसर पर श्री महाराज ने महोत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों के विजेताओं को सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.