उत्तराखंड में ₹2,708 करोड़ की सड़क एवं सेतु परियोजनाओं को जल्द मिलेगी मंजूरी, CM धामी ने केंद्रीय मंत्री से की मुलाकात
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर उत्तराखंड में ग्रामीण सड़क संपर्क के विस्तार और सड़क एवं सेतु निर्माण परियोजनाओं की स्वीकृति को लेकर चर्चा की। इस दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण (PMGSY-IV) के अंतर्गत राज्य के लिए प्रस्तावित ₹2,708 करोड़ के कार्यों को शीघ्र स्वीकृति देने पर सहमति बनी।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि उत्तराखंड की पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों और दूरस्थ क्षेत्रों की आवश्यकताओं को देखते हुए ग्रामीण सड़क नेटवर्क का विस्तार बेहद महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार ने PMGSY-IV के तहत 315 मोटर मार्गों के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजे हैं, जिनकी कुल लंबाई 1,777 किलोमीटर है। इन सड़कों के निर्माण पर ₹2,526 करोड़ खर्च होने का अनुमान है। इसके अतिरिक्त 32 सेतुओं के निर्माण के लिए ₹182 करोड़ के प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए हैं। इस प्रकार सड़क एवं सेतु परियोजनाओं की कुल प्रस्तावित लागत ₹2,708 करोड़ है।
610 बसावटों को सड़क संपर्क से जोड़ने का लक्ष्य
प्रस्तावित परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश की 610 बसावटों को सड़क संपर्क से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इससे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। सड़क संपर्क मजबूत होने से विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने, मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने और ग्रामीणों को रोजगार एवं आजीविका के अवसरों से जुड़ने में सहायता मिलेगी।
बेहतर सड़क नेटवर्क से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में भी सहूलियत होगी। इसके साथ ही स्थानीय उत्पादों की आपूर्ति, ग्रामीण पर्यटन और स्वरोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
213 अतिरिक्त सड़क प्रस्तावों पर भी चर्चा
बैठक में राज्य के 213 अतिरिक्त सड़क निर्माण प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। इन प्रस्तावों की कुल लंबाई 1,360 किलोमीटर है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इन प्रस्तावों पर भी शीघ्र स्वीकृति के लिए विचार करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में सड़क संपर्क शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। दुर्गम एवं सीमांत क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध होने से आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति मिलेगी।
केंद्र सरकार का जताया आभार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सड़क एवं सेतु निर्माण प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाने और शीघ्र स्वीकृति की दिशा में सहयोग का आश्वासन देने के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी धन्यवाद करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में आधारभूत सुविधाओं के विकास को गति मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रस्तावित सड़क एवं सेतु परियोजनाओं को स्वीकृति मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और प्रदेश के दूरस्थ गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी।
